छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के बीटीआई मैदान में आयोजित नेशनल ट्रेड एक्सपो 2026 के समापन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश विकसित भारत के लक्ष्य के साथ विकसित छत्तीसगढ़ की दिशा में तेज़ी से अग्रसर हो रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य में कृषि के साथ-साथ व्यापार और उद्योग के लिए भी सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है, जिसकी वजह से प्रदेश में निवेशकों का रुझान लगातार बढ़ रहा है। यह आयोजन Confederation of All India Traders  यानि कैट द्वारा किया गया था। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की नीतियों और स्थिर वातावरण के फलस्वरूप व्यापारी और उद्योग जगत के प्रतिनिधि छत्तीसगढ़ में निवेश के लिए आ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि वित्त मंत्री द्वारा वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया गया है। सरकार के तीसरे वर्ष के बजट की थीम संकल्प रखी गई है। इससे पहले पहले वर्ष का बजट ज्ञान और दूसरे वर्ष का बजट गति थीम पर आधारित था। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंत्र सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के अनुसार बनाया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट में बस्तर और सरगुजा क्षेत्र के विकास पर विशेष ध्यान दिया गया है। काफी समय तक नक्सलवाद से प्रभावित रहे इन क्षेत्रों में अब तेज़ी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई की जा रही है और 31 मार्च 2026 तक प्रदेश से नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। उन्होंने कहा कि अबूझमाड़ और जगरगुंडा जैसे इलाकों में एजुकेशन सिटी विकसित करने का प्रावधान बजट में किया गया है। इसके अतिरिक्त वन उत्पादों के वैल्यू एडिशन और कृषि विस्तार पर भी काम किया जा रहा है, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल सकेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई उद्योग नीति के सकारात्मक परिणाम सामने आए हैं। विभिन्न शहरों में आयोजित इन्वेस्ट मीट के माध्यम से प्रदेश को अब तक लगभग 8 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हो चुके हैं। इनमें सेमीकंडक्टर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से जुड़े निवेश भी सम्मिलित हैं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए विजन डॉक्यूमेंट तैयार किया गया है और जीएसडीपी को दोगुना करने की दिशा में भी प्रयास जारी है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में व्यापारी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। उन्होंने ट्रेड एक्सपो के सफल आयोजन के लिए कैट की टीम को बधाई का पात्र बताया और विभिन्न स्टॉलों का निरीक्षण कर प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान स्वदेशी पोस्टर का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय व्यापारी कल्याण बोर्ड के चेयरमैन, रायपुर महापौर, कैट के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में व्यापारी और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *