राजस्थान: राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को विधानसभा में कांग्रेस पर जबरदस्त हमला बोला। साथ ही साथ उन्होंने जयपुर में 36 किमी एलिवेटेड रोड, जयपुर मेट्रो के फेज-टू परियोजना, 300 नई रोडवेज बसें, 500 करोड़ की मिसिंग लिंक सड़कें, बालोतरा में कौशल विकास हब और 1.25 लाख भर्तियों के कैलेंडर जैसी बड़ी घोषणाओं का ऐलान भी किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शुक्रवार को विधानसभा में विनियोग विधेयक पर चर्चा का जवाब देते हुए विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांग्रेस पर अपने कार्यकाल में ‘परियोजना पर परियोजना घोषित करने’ लेकिन जमीन पर ‘जीरो नहीं, डबल जीरो” काम करने जैसे आरोप लगाए।
मुख्यमंत्री ने नेता प्रतिपक्ष के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि प्रदर्शन पर बहस की चुनौती तो भाजपा ने स्वीकार कर ली, लेकिन कांग्रेस चर्चा का सामना नहीं कर पाई। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के अंदरूनी मतभेदों के कारण सदन में सार्थक बहस नहीं हो सकी और विपक्ष के पास जनता के समक्ष रखने के लिए ठोस उपलब्धियां नहीं थीं। साथ ही पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत पर निशाना साधते हुए शर्मा ने कहा कि वरिष्ठ नेताओं को बयानबाज़ी सदन के भीतर करनी चाहिए, सदन से बाहर नहीं। इस दौरान सीएम ने कांग्रेस के आंतरिक विवादों का भी जिक्र किया जिस पर कांग्रेस विधायक ने अपना विरोध प्रकट किया।
सीएम ने दावा किया कि उनकी सरकार ने 34 से ज्यादा नई नीतियां लागू की हैं और जनता से किए गए प्रत्येक वादे को पूर्ण करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य की ओर राजस्थान एक मजबूत ग्रोथ इंजन के रूप में उभर रहा है।
मुख्यमंत्री ने इस दौरान किसानों के मुद्दों को लेकर सदन को आश्वस्त किया और कहा कि राजस्थान में यमुना जल लाने की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है। राज्यों के बीच सहमति बन चुकी है और डीपीआर तैयार की जा रही है। यह योजना ‘नल में पाइप लगाने जितना आसान काम नहीं है।’
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान भूमि आवंटन में बड़े स्तर पर अनियमितताएं हुईं और प्रमुख भूखंड मनमाने ढंग से बांट दिए गए। उन्होंने कहा कि कुछ निजी मेडिकल कॉलेजों और उद्योगपतियों को आवश्यकता से ज्यादा भूमि दे दी गई। उन्होंने आश्वासन दिया कि वर्तमान सरकार पारदर्शिता सुनिश्चित करेगी और वास्तविक आवश्यकता के आधार पर ही भूमि का आवंटन किया जाएगा।
