पंजाब: पंजाब में फरवरी 2027 में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित हैं जिसको लेकर सभी दलों ने इसकी तैयारियां प्रारंभ कर दी हैं। राहुल गांधी की रैली के साथ शनिवार को कांग्रेस ने भी अपने चुनावी प्रचार का आगाज कर दिया।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बरनाला में रैली करके पंजाब कांग्रेस को एकजुटता का पाठ पढ़ाया। राहुल ने नेताओं को हिदायत देते हुए कहा कि टीम प्लेयर बनो नहीं तो रिजर्व में बिठा दिए जाओगे। उन्होंने स्पष्ट ताैर पर कहा कि काम टीमवर्क से होता है और केवल एक प्लेयर मैच नहीं जिता सकता। कोई भी लीडर पार्टी से बड़ा नहीं होता और हमारे वर्कर ही हमारी असली शक्ति हैं।

राहुल की रैली के लिए सियासी रणनीति के तहत मालवा क्षेत्र को चुना गया है क्योंकि बरनाला मालवा का केंद्र है। कांग्रेस मालवा से अपना सूखा खत्म करना चाहती है। इसलिए राहुल गांधी यही से चुनाव हुंकार भरने आए हैं। राहुल ने मनरेगा के संशोधन बिल और अमेरिका-भारत के बीच ट्रेड डील पर केंद्र सरकार को घेरते हुए मजदूरों और किसानों के सम्मुख अपनी बात रखी

अक्सर ऐसा कहा जाता है कि पंजाब का मुख्यमंत्री मालवा क्षेत्र से ही निकलता है। मौजूदा सीएम भगवंत सिंह मान संगरूर से एमपी थे और अब धुरी से विधायक हैं। पूर्व सीएम प्रकाश सिंह बादल भी श्री मुक्तसर साहिब से थे। उनके पुत्र व पूर्व डिप्टी सीएम सुखबीर बादल भी इसी क्षेत्र से आते हैं। मौजूदा सीएम के अलावा आप के तीन मंत्री हरपाल सिंह चीमा, बरिंदर सिंह गोयल व अमन अरोड़ा और आप के सांसद मीत हेयर भी इसी क्षेत्र से हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *