बिहार : बिहार सरकार के पूर्व मंत्री और राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के ज्येष्ठ पुत्र तेज प्रताप यादव ने एलान किया है कि उनकी पार्टी जनशक्ति जनता दल तिरहुत स्नातक एमएलसी पद के लिए चुनाव लड़ेगी। उन्होंने अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव की विधानसभा क्षेत्र राघोपुर से यह ऐलान किया।
वैशाली जिले में राष्ट्रीय जनता दल के सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के ज्येष्ठ पुत्र तेज प्रताप यादव ने घोषणा की है कि उनकी पार्टी जनशक्ति जनता दल तिरहुत स्नातक एमएलसी पद के लिए चुनाव लड़ेगी। वह अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव के विधानसभा क्षेत्र राघोपुर में एक निजी कार्यक्रम में शिरकत करने पहुंचे थे। इसी दौरान मीडिया कर्मियों के सवालों का जवाब देते हुए तेज प्रताप यादव ने दावा किया कि उनकी पार्टी इस बार तिरहुत स्नातक चुनाव में अपनी दावेदारी पेश करेगी।
विधानसभा चुनाव के बाद प्रथम बार राघोपुर पहुंचे तेज प्रताप यादव ने बताया कि राघोपुर के लोगों ने उन्हें कार्यक्रम में सम्मिलित होने के लिए आमंत्रित किया था। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद यह पहली बार है जब वह राघोपुर पहुंचे हैं। तिरहुत स्नातक एमएलसी चुनाव के संबंध में उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी जनशक्ति जनता दल इस पद के लिए अपने उम्मीदवार मैदान में उतारेगी। उन्होंने अपनी पार्टी के चुनाव लड़ने का निर्णय को सार्वजनिक किया। तेज प्रताप यादव पटना से पासवान चौक होते हुए बिदूपुर प्रखंड के रहीमापुर पहुंचे, जहां प्रदेश प्रवक्ता ने अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ उनका स्वागत किया।
तेज प्रताप यादव ने कहा, ‘तिरहुत स्नातक पद के लिए हमारी पार्टी से उम्मीदवार बनाए जाएंगे। चर्चा है कि उनके पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता तिरहुत स्नातक का चुनाव लड़ सकते हैं। तेज प्रताप ने यह भी कहा कि राघोपुर विधानसभा क्षेत्र के लोग बहुत अच्छे हैं और उनके बुलाने पर मैं इस कार्यक्रम में सम्मिलित होने आया हूं। विदित हो कि राघोपुर विधानसभा सीट लालू प्रसाद यादव का पारिवारिक क्षेत्र रहा है। यहां से राबड़ी देवी, लालू प्रसाद यादव और तेजस्वी यादव चुनाव जीतकर सदन तक पहुंचते रहे हैं।
विधानसभा चुनाव के समय भी तेज प्रताप यादव हेलीकॉप्टर से राघोपुर विधानसभा सीट पर प्रचार-प्रसार करने आए थे। इसके अलावा, बाढ़ जैसी आपदा के वक्त भी तेज प्रताप यादव ने लोगों की मदद की थी।
