उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के राज्य कर्मचारियों और शिक्षकों को फरवरी माह का वेतन फरवरी में ही नहीं मिल सका। सीएम योगी आदित्यनाथ ने आदेश जारी किया था कि राज्य कर्मचारियों को फरवरी माह का वेतन फरवरी में ही दे दिया जाए। 

बता दें कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आदेश दिया था कि फरवरी माह की सैलरी फरवरी माह में ही दे दी जाए। एक मार्च को रविवार है और दो से चार मार्च तक होली का अवकाश। ऐसे में फरवरी माह की सैलरी 28 फरवरी को ही प्रदेश के कर्मचारियों और पेंशन धारकों के खाते में आनी थी, लेकिन एक मार्च की सुबह 7 बजे तक भी सैलरी क्रेडिट नहीं हो पाई है।

सरकार की घोषणा के बावजूद माह के अंतिम दिन तक वेतन और पेंशन न मिलने से कर्मचारियों व पेंशनर्स में मायूसी है। सर्वर डाउन होने की वजह से कई विभागों का वेतन जारी नहीं हो सका है। उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ ने कहा कि होली से पूर्व भुगतान का आश्वासन दिया गया था लेकिन शनिवार देर रात तक खातों में राशि नहीं पहुंच सकी है। वहीं सेवानिवृत कर्मचारी एवं पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कई जिलों से पेंशन न मिलने की शिकायतें सामने आई हैं।

वेतन और पेंशन मिलने में देरी से लाखों परिवारों के सामने त्योहार मनाने को लेकर आर्थिक कठिनाई खड़ी हो गई है। रविवार से छुट्टियां प्रारंभ हो रही हैं, अब देखना होगा कि इन दिनों में वेतन व पेंशन जारी हो पाएगी या नहीं।

यूपी बोर्ड परीक्षा में स्ट्रांग रूम और केंद्र व्यवस्थापक की ड्यूटी निभा रहे शिक्षक व प्रधानाध्यापक होली पर घर जाने को लेकर असमंजस में हैं। माध्यमिक शिक्षा निदेशक द्वारा जारी किए गए सख्त आदेश के बाद जिलों में शिक्षकों को रिलीव नहीं किया जा रहा है। आदेश में स्पष्ट तौर पर कहा गया है कि परीक्षा कार्य से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी संबंधित मंडलीय संयुक्त शिक्षा निदेशक की लिखित अनुमति के बिना मुख्यालय नहीं छोड़ सकेंगे। संयुक्त व अपर शिक्षा निदेशक भी बिना अनुमति मुख्यालय नहीं छोड़ेंगे और उल्लंघन करने पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।

निर्देश में अवकाश अवधि के दौरान भी स्ट्रांग रूम की सुरक्षा, सतत निगरानी, आकस्मिक निरीक्षण, गोपनीयता और सीसीटीवी जांच सुनिश्चित करने को कहा गया है। राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय संरक्षक ने इसका विरोध करते हुए कहा कि 1 से 8 मार्च तक परीक्षा नहीं है, इसलिए शिक्षकों को होली अवकाश में गृह जनपद जाने की अनुमति दे दी जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि होली, रमजान व ईद समेत आने वाले त्योहारों पर माहौल बिगाड़ने वाले उपद्रवियों से सख्ती से निपटा जाए। जो कोई भी ऐसी हिमाकत करे उस पर जो कार्रवाई हो वह नजीर बन जानी चाहिए जिससे उनको सबक मिले और भविष्य में वह ऐसा करने की सोच भी न सकें। सौहार्द बिगाड़ने जैसी यदि कोई वारदात हुई तो संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। सीएम योगी द्वारा त्योहारों के मद्देनजर शनिवार रात्रि कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक के दौरान ये निर्देश दिए गए।

मुख्यमंत्री ने प्रशासन और पुलिस अधिकारियों से संवेदनशील परिस्थितियों को देखते हुए पूरी सतर्कता बरतने को कहा। उन्होंने सभी पर्व-त्योहार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाने के निर्देश दिए। इसके अलावा सीएम ने कहा कि त्योहारों के साथ ही बोर्ड परीक्षाएं भी चल रही हैं। यह समय कानून-व्यवस्था की दृष्टि से संवेदनशील है, इसलिए बीते पांच वर्षों की घटनाओं की समीक्षा कर उनसे सबक लेते हुए प्रभावी प्रबंध किए जाएं। पुलिस पेट्रोलिंग में बढ़ोत्तरी की जाए और शोभायात्राओं के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। सीएम के द्वारा  बैठक में आईजीआरएस, सीएम हेल्पलाइन तथा जन-शिकायत निस्तारण की स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की गई।

सीएम ने कहा कि होलिका दहन समितियों व पीस कमेटियों की बैठकें करें ताकि पर्वों के दौरान आपसी समन्वय और सौहार्द बना रह सके। होलिका दहन सुरक्षित स्थान पर ही किए जाएं। होली के अवसर पर कहीं भी अभद्र गीत-संगीत नहीं बजना चाहिए और किसी के उत्साह में ऐसा कोई काम न हो जिससे किसी वर्ग, समुदाय या व्यक्ति के लिए परेशान करने की स्थिति उत्पन्न हो। सीएम ने कहा पर्व उल्लास और भाईचारे का प्रतीक होते हैं, न कि किसी को आहत करने का माध्यम।

सीएम ने कहा कि कानफोड़ू आवाज वाले लाउडस्पीकरों को हटाये जाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा अब भी कई धर्मस्थलों पर ऐसे लाउडस्पीकर लगे हुए हैं, जिन्हें संवाद और समन्वय के माध्यम से हटाया जाना चाहिए ताकि ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी रूप से नियंत्रण प्राप्त किया जा सके। साथ ही लोकल इंटेलिजेंस को और अधिक मजबूत करने व सोशल मीडिया की सतर्कता से निगरानी करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा सीएम ने कहा कि त्योहाराें व बोर्ड परीक्षाओं के मद्देनजर बिजली की आपूर्ति निर्बाध रूप से की जाने की व्यवस्था बनाई जाए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *