नई दिल्ली: आईआईटी दिल्ली में जारी तकनीकी महोत्सव ट्रिस्ट में शनिवार को दर्शकों के बीच रोबो वॉर आकर्षण का केंद्र बना। रोबोट वॉर देखने के लिए बड़ी संख्या में युवा एकत्रित हुए। खुले मैदान में बंद शीशों के बीच रोबोट एक-दूसरे को कड़ी टक्कर दी और साथ ही ड्रोन के रोमांचक स्टंट ने दर्शकों को रोमांच से भर दिया।
इलेक्ट्रिक इंजीनियरिंग के छात्रों ने बताया कि रोबो वॉर में हिस्सा लेने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से टीमें पहुंचीं थीं जिनमें दिल्ली, मुंबई, चंडीगढ़, राजस्थान, चेन्नई को मिलाकर कुल 20 टीमें शामिल हुईं। आठ किलोग्राम वजनी रोबोट के बीच यह वॉर हुई। रोबोट को आरएफ यानि रेडियो फ्रीक्वेंसी रिमोट कंट्रोल से संचालित किया गया।
रोबो वॉर के लिए रोबोट के आगे के हिस्से में धारदार उपकरण लगाए गए थे। शनिवार को आठ किलोग्राम वजनी रोबोट के बीच वॉर आयोजित की गई। रविवार को 15 और 18 किलोग्राम की श्रेणी में वॉर आयोजित की जाएगी। विदित रहे कि आईआईटी दिल्ली में तीन दिवसीय तकनीकी महोत्सव ट्रिस्ट का आयोजन किया जा रहा है।
इस महोत्सव में ड्रोन प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। ड्रोन की उड़ान ने दर्शकों के बीच रोमांच पैदा किया। आईआईटी दिल्ली के एरोक्लब के समन्वयक ने बताया कि ट्रिस्ट महोत्सव में ड्रोन प्रतियोगिता का भी आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 20 टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। इस प्रतियोगिता में अलग-अलग बाधाओं के बीच ड्रोन को उड़ाने के करतब दर्शकों को दिखाए गए। बीटेक इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग के तीसरे वर्ष के छात्र ने बताया कि शनिवार शाम को सूफी संगीत कार्यक्रम का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी तादाद में श्रोता उमड़े।
