उत्तराखंड : उत्तराखंड में ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण विधानसभा में सोमवार से बजट सत्र शुरू होगा। राज्यपाल के अभिभाषण के पश्चात सरकार सदन में विनियोग विधेयक को सदन पटल पर रख कर बजट प्रस्तुत करेगी।

उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में ऐसा पहली बार होगा कि सरकार राज्यपाल अभिभाषण के दिन ही सदन में बजट पेश करेगी। यह पहला अवसर होगा जब मुख्यमंंत्री पुष्कर सिंह धामी सदन में वित्त मंत्री के रूप में अपनी सरकार का बजट पेश करेंगे। पिछले साल की तुलना में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए बजट का आकार 10 प्रतिशत बढ़ोतरी के साथ लगभग 1.10 लाख करोड़ रुपए होने का अनुमान जताया जा रहा है।

चुनावी वर्ष का बजट होने के कारण सरकार का युवा, गरीब, किसान तथा महिला सशक्तीकरण के अलावा अवस्थापना विकास पर विशेष फोकस रहेगा। राज्य गठन के बाद प्रथम बार सरकार राज्यपाल के अभिभाषण के दिन ही बजट पेश करेगी। इसके अलावा यह पहला अवसर होगा जब वित्त मंत्री के रूप में मुख्यमंत्री अपनी सरकार का बजट सदन में प्रस्तुत करेंगे।

अब से पूर्व अभी तक वित्त मंत्री ही सदन में बजट पेश करते आए हैं। वर्तमान समय में वित्त विभाग मुख्यमंत्री के पास ही है। ऐसा माना जा रहा है कि विकसित उत्तराखंड के संकल्प को पूर्ण करने के लिए सीएम बजट में कई नई योजनाओं की घोषणा कर सकते हैं।

रविवार को भराड़ीसैंण में विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी की अध्यक्षता में कार्यमंत्रणा समिति की बैठक संपन्न हुई। इस बैठक में विपक्ष की ओर से नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य व विधायक प्रीतम सिंह सम्मिलित नहीं हो सके। बैठक में सदन संचालन के लिए दो दिवसीय एजेंडा तय किया गया। प्रथम दिवस पर राज्यपाल अभिभाषण के साथ ही बजट पेश किया जाएगा और दूसरे दिन यानि 10 मार्च को राज्यपाल अभिभाषण पर चर्चा होगी।

पहली बार राज्यपाल अभिभाषण के दिन ही बजट पेश किया जाएगा। चुनावी वर्ष के चलते बजट में युवा, महिला, किसान तथा गरीबों पर विशेष ध्यान केंद्रित किया जाएगा। किसानों की आय बढ़ाने, महिला सशक्तीकरण, युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए बजट की प्राथमिकताओं में होगा।

वहीं नेता प्रतिपक्ष के अनुसार, सरकार जनता के मुद्दों पर उत्तर देने से बचना चाह रही है जिसके कारण राज्यपाल के अभिभाषण के दिन ही बजट पेश किया जा रहा है। उत्तराखंड के राजनीतिक इतिहास में पहली बार ऐसा हो रहा है। भाजपा सरकार नियमों को मानने वाली नही है और संख्या बल पर सदन को चलाने की चेष्टा की जा रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *