उत्तराखंड : उत्तराखंड में तेज होती जा रही गर्मी के बीच रविवार सुबह मौसम बदल गया। पूरे प्रदेश में बादल छाए हैं, जिससे तापमान में  गिरावट दर्ज की गई। तेज ठंडी हवा चलने से लोगों को एक बार फिर से सर्दी का अहसास होने लगा है।

उत्तराखंड में रविवार को मौसम ने करवट बदल ली है और प्रदेशभर में पहाड़ से लेकर मैदान तक बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने पर्वतीय इलाकों के साथ कुछ मैदानी हिस्सों में भी तूफान चलने की चेतावनी जारी की है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान में 15 मार्च को चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ इलाकों में 50 किलोमीटर की तेज रफ्तार से तूफान चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

इसके अतिरिक्त राजधानी देहरादून समेत हरिद्वार, टिहरी, नैनीताल, पौड़ी, ऊधमसिंह नगर, नैनीताल और चंपावत जिले के कुछ हिस्सों में भी तेज गति से हवा चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। पर्वतीय इलाकों में कहीं-कहीं बिजली चमकने और तेज बारिश के साथ – साथ ओलावृष्टि होने की भी संभावना व्यक्त की गई है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार आने वाले चार-पांच दिनों में अधिकतम तापमान में पांच डिग्री तक की गिरावट देखने को मिल सकती है।

वहीं बीते रोज़ यानि शनिवार के आंकड़ों पर नजर डालें तो देहरादून में दिन का अधिकतम तापमान सामान्य से पांच डिग्री इजाफे के साथ 31 डिग्री रिकॉर्ड दर्ज किया गया। रात का न्यूनतम तापमान भी सामान्य से चार डिग्री बढ़ोतरी के साथ 16 डिग्री के करीब दर्ज हुआ। पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर का अधिकतम तापमान भी सामान्य से छह डिग्री अधिक के साथ 23 डिग्री के आसपास रहा और न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री की  बढ़त के साथ 9 डिग्री सेल्सियस के करीब दर्ज किया गया। तापमान का लगभग ऐसा ही हाल प्रदेश के अन्य इलाकों में भी देखने को मिला।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *