उत्तराखंड: पहाड़ों की रानी मसूरी अब वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में भी पहचानी जाया करेगी। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर कुलदीप और वंशिका की शादी से उत्तराखंड स्थित मसूरी सुर्खियों में बनी हुई है। बता दें कि पिछले साल भारतीय क्रिकेटर ऋषभ पंत ने भी अपनी बहन की शादी मसूरी में ही आयोजित की थी। 

भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव की हाईप्रोफाइल शादी से मसूरी एक बार फिर सुर्खियाें में आ गई है। इस शादी से पहाड़ों की रानी मसूरी को वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में नई पहचान मिली है। ऐसा माना जा रहा है कि आने वाले समय में शहर के पर्यटन को भी इसका लाभ मिलेगा।

क्रिकेटर कुलदीप यादव और वंशिका की शादी की मसूरी में तीन दिनों तक धूम मची रही। इस शादी समारोह की खास बात यह भी रही कि मेहमानों को उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन परोसे गए। इस शादी में आमंत्रित देशभर से पहुंचे मेहमानों ने पहाड़ी राजमा, काफुली मंडुवे की रोटी, झंगोरे की खीर, फाणू, कुमाउनी रायता सहित अन्य व्यंजनों को मेहमानों ने खूब पसंद किया। इसके साथ साथ मेहमानों ने मसूरी की प्राकृतिक सुंदरता, शांत वातावरण और पहाड़ी संस्कृति को करीब से देखा। इस सब के चलते मसूरी शादियों और बड़े आयोजनों के लिए एक आकर्षक स्थल बनकर उभर रहा है।

मसूरी के अलावा धनौल्टी, कैंपटी सहित विकासनगर जैसे क्षेत्रों को भी वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने का विकल्प खुल गया है। उत्तराखंड होटल एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि कुलदीप यादव की शादी से पर्यटन व्यवसाय को भी लाभ मिलने की संभावना बन गई है जिसका फायदा भविष्य में आसपास के क्षेत्रों को भी होगा। इन दिनों शहर के होटलों में बड़ी संख्या में शादियां हो रही हैं।

मसूरी होटल एसोसिएशन के महासचिव के अनुसार, विवाह समारोह में स्थानीय पहाड़ी व्यंजनों को प्राथमिकता दिए जाने से स्थानीय किसानों और उत्पादकों को भी सीधा लाभ मिल रहा है। बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हाल ही में अपील की थी कि शादी समारोह दुनिया के देशों में करने के स्थान पर उत्तराखंड में करने चाहिए। प्रधानमंत्री के इस विजन को आगे बढ़ाने की दिशा में कुलदीप यादव की शादी को सकारात्मक कदम माना जा सकता है। विदित हो कि पिछले वर्ष क्रिकेटर ऋषभ पंत ने भी अपनी बहन की शादी मसूरी में ही की थी।

जाने माने उद्योगपति एवं वेल्कम होटल द सवाय के चेयरमैन ने कहा कि देश के महानगरों से लोग मसूरी जैसे हिल स्टेशन में सुकून पाने के लिए आते हैं लेकिन जाम आदि की समस्याओं के चलते शहर की छवि पर नकारात्मक असर पड़ रहा है। मसूरी को जोड़ने वाली सड़कों का चौड़ीकरण सहित मूलभूत सुविधाओं को विकसित किए जाने की आवश्यकता है। ट्रैफिक जाम की समस्या का समाधान हो जाए तो बड़ी संख्या में लोग मसूरी का रुख करने लगेंगे। शादी समारोह में पहुंचने वाले लोग आसपास के धार्मिक स्थलों के साथ ही पर्यटन स्थलों पर भी घूमने जाते हैं जिसका लाभ स्थानीय पर्यटन को मिलता है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *