उत्तराखंड : दिनांक 18 मार्च 2026, बुधवार को राजधानी देहरादून स्थित उत्तरांचल प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में “हैप्पी स्ट्रीट – फन एंड फिटनेस मॉर्निंग” कार्यक्रम के आयोजकों ने इसकी विस्तृत जानकारी मीडिया के समक्ष साझा की। इस कार्यक्रम की आयोजक आलोकिता जैन ने बताया कि “हैप्पी स्ट्रीट” का मुख्य उद्देश्य समाज के लोगों को मोबाइल और डिजिटल दुनिया से कुछ समय निकालकर परिवार और दोस्तों के साथ क्वालिटी टाइम बिताने के लिए प्रेरित करना है।
इस पहल का उद्देश्य शहरवासियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना और सभी आयु वर्ग के लोगों को एक साथ लाकर सामुदायिक जुड़ाव को बढ़ावा देना भी है। साथ ही, इस पहल का मकसद सरकार द्वारा चलाए जा रहे फिटनेस अभियानों जैसे फिट इंडिया मूवमेंट और ओबेसिटी फ्री इंडिया के लक्ष्य को सशक्त करना है।
कार्यक्रम का आयोजन 22 मार्च 2026, रविवार सुबह 6:00 बजे से, पुलिस लाइन ग्राउंड, देहरादून में किया जाएगा। इस अवसर पर मैराथन, योग, ज़ुम्बा, मैट पिलाटीज़ सहित कई मनोरंजक और फिटनेस गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें प्रत्येक आयु वर्ग के व्यक्ति यानि बच्चे, युवा और वरिष्ठ नागरिक सभी भाग ले सकेंगे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कार्यक्रम की आयोजन समिति ने शहरवासियों से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस कार्यक्रम में भाग लें और एक स्वस्थ एवं ऊर्जावान जीवनशैली की ओर कदम बढ़ाएं।
इस आयोजन में विभिन्न पार्टनर्स और सहयोगी संस्थाओं का भी महत्वपूर्ण योगदान रहेगा, जिनके सहयोग से यह कार्यक्रम और भी ज्यादा भव्य एवं प्रभावी बनाया जा रहा है। आयोजन समिति और सहयोगियों की ओर से टीशर्ट्स, पार्टिसिपेशन सर्टिफिकेट्स और रिफ्रेशमेंट बॉक्स भी प्रदान किए जाएंगे।
बता दें कि इस कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए प्री-रजिस्ट्रेशन अनिवार्य है और ऑन-द-स्पॉट रजिस्ट्रेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं होगी। प्रेस कॉन्फ्रेंस के अंत में आयोजकों ने मीडिया का आभार व्यक्त किया और सभी से “हैप्पी स्ट्रीट” को एक जन-आंदोलन बनाने में सहयोग देने की अपील की।
प्रेस वार्ता में अलोकिता जैन, सीमा जैन, डॉ अनामिका जिंदल, डॉ शैलेन्द्र कौशिक, अंकुर जैन, सृष्टि जैन, निमिषा जैन, अरिहंत जैन, रौशन राणा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
