उत्तराखंड : शनिवार को उत्तराखंड के हल्द्वानी में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक जनसभा को संबोधित किया। इस सभा में रक्षा मंत्री ने राज्य में किए जा रहे विकास कार्यों के लिए धामी सरकार की पीठ थपथपाई और कांग्रेस पर जमकर जुबानी हमला किया।
प्रदेश के विकास और सीएम की सख्ती पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने उन्हें धाकड़ नहीं धुरंधर धामी कह कर पुकारा। केंद्रीय रक्षा मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय हालात पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि खाड़ी देशों में चल रहे युद्ध और पश्चिमी एशिया में हो रहे हमलों का समाधान केवल बातचीत और कूटनीति के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने कहा कि शांति और संवाद ही किसी भी समस्या का स्थायी रास्ता होता है।
रक्षा मंत्री ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी केवल सरकार बनाने के लिए नहीं, बल्कि देश निर्माण के ध्येय से राजनीति करती है। उन्होंने राज्य सरकार की नीतियों का समर्थन करते हुए कहा कि उत्तराखंड में अवैध घुसपैठ करने वालों के लिए कोई जगह नहीं है और देवभूमि में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि धामी सरकार ने 10 हजार से ज्यादा अतिक्रमण हटाकर एक साहसिक और निर्णायक कदम उठाया है, जिससे उनकी प्रशासनिक सख्ती का स्पष्ट संदेश मिलता है।
राजनाथ सिंह ने कुमाऊं क्षेत्र को उत्तराखंड का प्रवेश द्वार बताया और कहा कि यहां होने वाले विकास कार्यों का प्रभाव पूरे राज्य के पर्यटन और जनजीवन पर पड़ता है। उन्होंने कहा कि राज्य में तेजी से हो रहे विकास कार्यों के कारण अब मुख्यमंत्री धामी को धुरंधर धामी कहना ज्यादा उचित लग रहा है।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री धामी के नेतृत्व में जमरानी परियोजना को गति प्रदान हुई है, जिससे इस क्षेत्र के विकास को बल मिलेगा।
भाजपा और कांग्रेस की कार्यशैली की तुलना करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि जहां कांग्रेस शासनकाल में घोटालों पर पर्दा डालने का काम होता था, वहीं भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार करने वालों को सीधा जेल भेज दिया जाता है।
केंद्रीय रक्षा मंत्री में कहा कि भाजपा उत्तराखंड में कानून व्यवस्था, विकास और राष्ट्रीय मुद्दों पर सख्त व स्पष्ट संदेश देने की रणनीति पर अग्रसर है। अपने संबोधन में रक्षा मंत्री ने मुख्यमंत्री धामी की छवि को एक निर्णायक और प्रभावी नेता के रूप में व्यक्त किया।
विदित हो कि एक दिन पूर्व उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वयं अधिकारियों के साथ रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे की तैयारियों के मद्देनजर हल्द्वानी, नैनीताल में कार्यक्रम स्थल का मौके पर जाकर निरीक्षण किया था।
