उत्तराखंड : उत्तराखंड के तीन पूर्व विधायकों सहित 06 नेता राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली स्थित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी कार्यालय में कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। इस दौरान कांग्रेस के कई राष्ट्रीय स्तर के नेता मौजूद रहेंगे।
उत्तराखंड के बड़े नेताओं में शुमार कई नेता शनिवार को कांग्रेस पार्टी से हाथ मिलाएंगे। नई दिल्ली में कांग्रेस के राष्ट्रीय नेता की मौजूदगी में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल, नारायण पाल, भीमलाल आर्य सहित छह नेताओं को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई जाएगी।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार 2022 में रुद्रपुर से टिकट न मिलने से खफा होकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भाजपा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया था। सितारगंज से पूर्व विधायक नारायण पाल ने बसपा में विभिन्न पदों पर कार्य किया है और उसके बाद वह कांग्रेस में चले गए थे लेकिन 2022 में टिकट न मिलने से उन्होंने भी कांग्रेस पार्टी को त्याग दिया था।
इन दोनों नेताओं के साथ टिहरी जिले के घनसाली से पूर्व विधायक भीमलाल आर्य भी कांग्रेस पार्टी में शामिल हो जाएंगे। इनके अतिरिक्त साल 2019 में नगर निगम रुड़की में निर्दलीय मेयर चुने गए गौरव गोयल भी कांग्रेस का हाथ थाम ले लेंगे। मेयर बनने के बाद वह भाजपा में शामिल हो गए थे लेकिन कार्यकाल पूरा होने से पहले ही उन्होंने इस्तीफा दे दिया था। भीमताल से लाखन नेगी व मसूरी के पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रहे अनुज गुप्ता भी कांग्रेस में शामिल होने जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक तीन पूर्व विधायकों समेत छह नेता नई दिल्ली में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के कार्यालय में राष्ट्रीय नेताओं की मौजूदगी में पार्टी की सदस्यता ग्रहण करेंगे। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के भी सदस्यता कार्यक्रम के लिए दिल्ली रवाना हो जाने की सूचना है।
