उत्तराखंड : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का 132 वां एपिसोड सुना। मुख्यमंत्री ने कहा कि मन की बात कार्यक्रम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रारंभ किया गया एक अद्वितीय जनसंवाद मंच है। उन्होंने कहा कि यह विश्व के किसी भी राष्ट्र अध्यक्ष द्वारा संचालित सबसे लंबे समय तक चलने वाला एक प्रेरणादायी कार्यक्रम है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून के इन्द्रानगर स्थित एक होटल में आयोजित प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के 132वें एपिसोड को सुना। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित जनप्रतिनिधियों व नागरिकों के साथ कार्यक्रम के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की एवं अपने विचार साझा किए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह कार्यक्रम समाज के विभिन्न वर्गों, विशेष रूप से दूरस्थ और कठिन परिस्थितियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने और सम्मान प्रदान करने के कार्य को अंजाम देता है।
सीएम ने कहा कि इस कार्यक्रम के माध्यम से प्रधानमंत्री द्वारा देश के कोने-कोने में सराहनीय कार्य कर रहे उन लोगों का उल्लेख किया जाता है, जो सीमित संसाधनों के बावजूद असाधारण कार्य कर समाज के लिए प्रेरणा बन कर उभरते हैं। मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से ऐसे व्यक्तित्वों की कहानियां पूरे देश के नागरिकों तक पहुंचती हैं, जिससे समाज में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा का संचार होता है।
सीएम ने इस बात पर भी प्रकाश डाला कि प्रधानमंत्री अपने लगभग प्रत्येक कार्यक्रम में उत्तराखंड का विशेष रूप से स्मरण करते हैं। मन की बात कार्यक्रम के कई एपिसोड में राज्य की शीतकालीन यात्रा, प्राकृतिक सौंदर्य और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख किया गया है।
प्रधानमंत्री स्वयं भी उत्तराखंड के विभिन्न धार्मिक और पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर चुके हैं, जिनमें आदि कैलाश और उत्तरकाशी जिले का हर्षिल-मुखवा क्षेत्र मुख्य रूप से शामिल हैं। प्रधानमंत्री के इन दौरों और उनके द्वारा किए गए उल्लेख का सकारात्मक प्रभाव राज्य के पर्यटन पर स्पष्ट रूप से दृष्टिगोचर हो रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी उल्लेखित किया कि वर्तमान वर्ष में उत्तराखंड में शीतकालीन पर्यटन को अभूतपूर्व बढ़ावा मिला है। अब तक डेढ़ लाख से अधिक पर्यटक राज्य में शीतकालीन यात्रा के लिए पहुंच चुके हैं, जबकि आदि कैलाश क्षेत्र में 36000 से अधिक श्रद्धालु एवं पर्यटक आमद कर चुके हैं। यह संख्या राज्य के पर्यटन क्षेत्र में निरंतर बढ़ती संभावनाओं को इंगित करती है।
राज्य सरकार द्वारा पूर्ण वर्ष पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे उत्तराखंड को एक ऑल-सीजन टूरिज्म डेस्टिनेशन के रूप में स्थापित हो सकने में मदद मिलेगी। इसके लिए पर्यटन स्थलों पर आधारभूत सुविधाओं का विस्तार, सड़क संपर्क में सुधार, आवासीय व्यवस्थाओं का विकास तथा डिजिटल सुविधाओं को सुदृढ़ बनाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि राज्य सरकार स्थानीय लोगों की आजीविका की बढ़ाने और रोजगार के नए अवसर पैदा करने के लिए पर्यटन को एक प्रमुख माध्यम के रूप में विकसित करने का प्रयास कर रही है। प्रदेश में ग्रामीण पर्यटन, होमस्टे योजना और धार्मिक पर्यटन को विशेष रूप से प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में भी आर्थिक गतिविधियों में सुधार किया जा सके।
