उत्तराखंड : उत्तराखंड के नैनिताल में यूपी के विधायक राजेंद्र पटेल के पुत्र राहुल पटेल इन दिनों नैनीताल घूमने आए हुए थे। नैनीताल में यातायात नियमों का उल्लंघन करने और वीआईपी कल्चर दिखाना यूपी के इस भाजपा विधायक के पुत्र को महंगा पड़ गया। मालरोड पर जाम के दौरान बिना अनुमति हूटर बजाने और एसडीएम से बहस करने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उनके वाहन को सीज कर दिया।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले की जहानाबाद विधानसभा सीट से भाजपा विधायक राजेंद्र पटेल का पुत्र राहुल पटेल इन दिनों नैनीताल घूमने आया हुआ था। नैनीताल की माल रोड़ पर भीषण जाम के दौरान उक्त वाहन के चालक ने बिना किसी आपात स्थिति के अपनी कार में लगा हूटर बजाना प्रारंभ कर दिया। मौके पर मौजूद एसडीएम ने हूटर की आवाज सुनकर अपना वाहन सड़क के किनारे पर कर लिया। लेकिन वाहन को बिना आपात स्थिति हूटर बजाते देखते हुए एसडीएम ने उस वाहन को रुकवाया और चालक से इस बारे में पूछताछ की।
पूछताछ के दौरान चालक ने विधायक का वाहन होने की बात कही। जब एसडीएम द्वारा विधायक की जानकारी मांगी गई तो उनका बेटा कार से ही गलती स्वीकार करने के बजाय एसडीएम से बहस करने लगा और यूपी के सीएम व अन्य अधिकारियों से बात कराने की धमकी देने लगा। एसडीएम द्वारा किसी से भी बात करने से इनकार करने पर वह फोन पर एसडीएम की शिकायत करने लगा।
इस दौरान पर्यटक की अभद्रता पर स्थानीय लोग भी एसडीएम के पक्ष में खड़े होकर पर्यटक को फटकार लगाने लगे। इस दौरान कुछ समय के लिए सड़क पर तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जब वाहन के दस्तावेज ऑनलाइन चैक किए तो वाहन के दस्तावेज नहीं मिल पाए और वाहन चालक अपना डीएल भी नहीं दिखा पाया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान काटा और वाहन को मौके पर ही सीज कर दिया गया।इसके पश्चात विधायक पुत्र वाहन को छुड़ाने के लिए कानूनी प्रक्रिया का पालन करता रहा। प्रशासन की इस अनुशासनात्मक कार्रवाई को उत्तराखंड में वीआईपी कल्चर के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है।
नैनिताल जिले के तल्ली ताल थाने के एएसआई के अनुसार, यातायात नियमों के उल्लंघन पर वाहन यूपी 33वी 0003 को सीज कर दिया गया है। साथ ही वाहन के दस्तावेज नहीं होने पर उन्नाव, उत्तर प्रदेश निवासी वाहन स्वामी के खिलाफ चालानी कार्रवाई की गई है।
