उत्तराखंड : कई वर्षों का इंतजार कल समाप्त होने जा रहा है। पीएम नरेंद्र मोदी मंगलवार को देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेस का लोकार्पण कर इसे जनता को समर्पित कर देंगे। इस एक्सप्रेसवे से उत्तराखंड प्रदेश की राजधानी देहरादून से दिल्ली की दूरी सिर्फ तीन घंटे में पूरी कर ली जाया करेगी।

11,963 करोड़ की लागत से बन कर तैयार हुआ यह 210 किमी लंबा दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर कई मायनों में खास है। दिसंबर 2021 में एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य प्रारंभ किया गया था, जो संपूर्ण होने के पश्चात अब उद्घाटन के लिए तैयार है। दिल्ली के अक्षरधाम से शुरू होकर यह एक्सप्रेसवे बागपत, शामली, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर से होते हुए देहरादून के आशा रोड़ी तक पहुंचता है।

इस एक्सप्रेसवे की एक खासियत यह भी है कि इस पर 100 से अधिक अंडरपास, कई फ्लाईओवर, रेलवे ओवरब्रिज और टनल बनाई गई है। इस एक्सप्रेसवे के शुरू होने का लोगों को लंबे समय से इंतजार और उत्सुकता थी। कई बार उद्घाटन की तिथि की चर्चाएं भी चलीं लेकिन लोगों का इंतजार बढ़ता गया। अब 14 अप्रैल का दिन इस लिहाज से खास होने जा रहा है कि इस दिन एक्सप्रेसवे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इसके साथ ही दून-दिल्ली का सफर भी पहले की अपेक्षा अधिक सुगम हो जाएगा।

इस एक्सप्रेसवे की सबसे अहम खासियत वाइल्डलाइफ कॉरिडोर है जो कि शिवालिक की पहाड़ियों में बना 12 किलोमीटर लंबा एशिया का सबसे लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर माना जा रहा है। इस कॉरिडोर को इस तरह डिजाइन करके बनाया गया है कि इसपर वाहन भी दौड़ेंगे और वन्य जीवों की आवाजाही भी प्रभावित नहीं होगी। वन्य जीवों को वाहनों की आवाज भी सुनाई न दे इसके लिए बाकायदा साउंड प्रूफ शीट लगाई गई हैं।


उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पीएम मोदी के कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और डाट काली मंदिर में की पूजा अर्चना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वागत के लिए उत्तराखंड तैयार है। बता दें कि पीएम बनने के पश्चात प्रधानमंत्री मंगलवार को 28 वीं बार उत्तराखंड आएंगे और जनता को दून-दिल्ली ऐलिवेटेड एक्सप्रेस-वे की सौगात प्रदान करेंगे। इसके अलावा पीएम एक हजार मेगावाट क्षमता के देश के पहले वेरिएबल स्पीड पंप स्टोरेज संयंत्र का भी लोकार्पण भी करेंगे।

प्रदेश की धामी सरकार पीएम के इस लोकार्पण समारोह को यादगार बनाने की तैयारियों में जुटी है। नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने के बाद पांच बार केदारनाथ आ चुके हैं और साथ ही बदरीनाथ तथा मुखबा का भी दौरा कर चुके हैं। उन्होंने बीते साल मार्च के महीने में उत्तरकाशी जिले में मां गंगा के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा पहुंचकर शीतकालीन यात्रा का संदेश दिया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उत्तराखंड से कर्म और मर्म का रिश्ता रहा है। उत्तराखंड उनके हृदय में बसता है इसीलिए उनके दौरे को लेकर देवभूमि वासियों में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। राज्य में उनके मार्गदर्शन में दो लाख करोड़ से अधिक की विकास योजनाएं धरातल पर उतर चुकी हैं। कनेक्टिविटी के क्षेत्र में क्रांति आई है। चारधाम ऑलवेदर रोड परियोजना, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, केदारनाथ एवं हेमकुंट साहिब रोपवे परियोजना, देहरादून-दिल्ली एलिवेटेड रोड जैसी बड़ी परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है।

उत्तराखंड में प्रवेश करते ही शिवालिक की तलहटी में स्थित मां डाट काली मंदिर पीएम मोदी के प्रस्तावित पूजन कार्यक्रम के चलते चर्चाओं में बना है। इस मंदिर की खास बात यह है कि मंदिर का एक हिस्सा उत्तर प्रदेश तो दूसरा उत्तराखंड में आता है। मान्यता है कि नया वाहन लेने पर और उसे मंदिर में लाकर चुनरी बंधवाने पर माता रानी स्वयं भक्त और वाहन की रक्षा करती हैं। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करने के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मां डाट काली मंदिर में दर्शन-पूजन भी करेंगे।

एक्सप्रेसवे पर वाहनों की रफ्तार और भक्तों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एलिवेटेड कॉरिडोर से मां डाट काली मंदिर जाने के लिए एक विशेष मार्ग का निर्माण किया गया है। एनएचएआई ने कॉरिडोर से ही मंदिर जाने के लिए वाया डक्ट का निर्माण किया है। अब सहारनपुर की ओर से आने वाले श्रद्धालु मंदिर जाने के लिए इसी मार्ग का प्रयोग कर सकेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *