उत्तराखंड : उत्तराखंड चार धाम यात्रा में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस-प्रशासन अलर्ट मोड पर है। इसी क्रम में गंगोत्री धाम में बम निरोधक दस्ते ने तलाशी अभियान चलाया।
गंगोत्री-यमुनोत्री में श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या के मद्देनजर प्रशासन सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त रखने में जुटा हुआ है। सोमवार को बम निरोधक दस्ते ने गंगोत्री धाम परिसर सहित पार्किंग स्थल, स्नान घाट, प्रतीक्षालय और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों की गहन तलाशी ली।
बीडीएस टीम ने मेटल डिटेक्टर और आधुनिक डिटेक्शन उपकरणों की मदद से हर संभावित खतरे की जांच की, जिससे यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की सुरक्षा चूक न होने पाए। समूचे यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ावों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से लगातार निगरानी की जा रही है।संदिग्ध और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है। धाम क्षेत्र में पुलिस बल के साथ साथ एटीएस, बीडीएस, आपदा प्रबंधन और अभिसूचना इकाइयों की तैनाती की गई है। सभी धामों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता में रखी गई है।
संदिग्ध और बाहरी व्यक्तियों का सत्यापन अभियान भी चलाया जा रहा है। धाम क्षेत्र में पुलिस बल के साथ साथ एटीएस, बीडीएस, आपदा प्रबंधन और अभिसूचना इकाइयों की तैनाती की गई है। सभी धामों में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता में रखी गई है।
प्रशासन ने चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से भी सहयोग की अपील की है। कोई भी संदिग्ध वस्तु दिखने पर तुरंत पुलिस को सूचना देने को कहा गया है।
केदारनाथ धाम में भी यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर बम डिस्पोजल स्क्वाड ने विशेष अभियान चलाया। केदारनाथ धाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए पुलिस ने मुख्य मंदिर परिसर तक सुरक्षा व्यवस्थाओं को अधिक मजबूती प्रदान की है। सुरक्षा तैयारियों को और अधिक व्यापक बनाने के लिए धाम के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में बम डिस्पोजल स्क्वाड ने संयुक्त रूप से विशेष चेकिंग अभियान चलाया।
इस दौरान स्क्वाड और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमों द्वारा मेटल डिटेक्टर और अन्य आधुनिक सुरक्षा उपकरणों के माध्यम से मंदिर के प्रवेश द्वारों, विश्राम स्थलों और श्रद्धालुओं के सामान की सघन जांच की गई। सुरक्षा व्यवस्था को केवल भौतिक चैकिंग तक ही सीमित नहीं रखा गया है बल्कि सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से भी भीड़भाड़ वाले इलाकों पर सतर्क नजर रखी जा रही है।
पुलिस और प्रशासन का मुख्य उद्देश्य यात्रा को निर्बाध बनाना और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसना है। पुलिस द्वारा सभी श्रद्धालुओं से सुरक्षा जांच के दौरान तैनात कर्मियों के साथ सहयोग करने की अपील की है। अगर कोई भी संदिग्ध व्यक्ति या लावारिस वस्तु दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस चौकी या ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को दी जाए।
