दिल्ली – एनसीआर: दिल्ली-एनसीआर में आज भी घना कोहरा छाया है। राष्ट्रीय राजमार्गों पर कोहरे के चलते ब्रेक लग गया है। धुंध और कोहरा छाने से हवाई सेवाएं अवरुद्ध हैं और रेलगाड़ियों का आवागम भी विलंबित हो गया है। दिल्ली के अधिकांश इलाकों में AQI 450 के आसपास दर्ज किया गया है। दिल्ली एयरपोर्ट ने हवाई यात्राओं को लेकर एडवाइजरी जारी की है।
दिल्ली और एनसीआर में बृहस्पतिवार इस मौसम का सबसे ठंडा दिन रहा। यहां अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया , जोकि सामान्य से 2 डिग्री कम था। न्यूनतम और अधिकतम पारे में अंतर कम होने से लोगों ने ठिठुरन महसूस की। घने कोहरे का भी प्रकोप भी शुरू हो गया है जिसकी वजह से सुबह 11 बजे तक धूप के दर्शन नहीं हुए। ज्यादातर इलाकों में दृश्यता 100-150 मीटर तक रही ।
मौसम विभाग ने दिल्ली, गाजियाबाद, नोएडा, गुरुग्राम के लिए शुक्रवार को भी कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। कोहरे और प्रदूषक तत्वों के मिश्रण से वायु प्रदूषण भी अत्यंत खराब की श्रेणी में बना हुआ है। राजधानी में बीते 24 घंटे का वायु गुणवत्ता सूचकांक 373 पहुंच गया, जबकि बुधवार को यह 334 दर्ज किया गया था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बताया कि वाहनों से निकलने वाला धुंआ सबसे गंभीर वायु प्रदूषक है।
राजधानी में वायु प्रदूषण पर लगातार सख्ती बरती जा रही है। प्रदूषण में वाहनों से निकलने वाले धुएं की अधिक हिस्सेदारी को देखते हुए बिना प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (पीयूसी) के चल रहे वाहनों के खिलाफ बृहस्पतिवार को करीब 3500 से ज्यादा चालान काटे गए। सरकार की सख्ती के चलते सड़कों पर कम ही वाहन नजर आए। सीएम रेखा गुप्ता ने मंत्रिमंडल के साथ मिलकर हालात की समीक्षा की। सरकार ने स्पष्ट किया कि वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के आदेशों के तहत ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (ग्रेप) का चौथा चरण सख्ती से लागू किया जा रहा है। प्रदूषणकारी वाहनों पर सख्ती के बीच बृहस्पतिवार शाम तक 61 हजार से ज्यादा प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र जारी किए जा चुके हैं।
