प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को असम और पश्चिम बंगाल का दौरा करेंगे। दोनों ही राज्यों में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव हैं। प्रधानमंत्री का यह दौरा दोनों राज्यों के लिए खास माना जा रहा है। पश्चिम बंगाल में मोदी 3,200 करोड़ रुपये की दो राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, जिससे कोलकाता-सिलीगुड़ी संपर्क सुदृढ़ होगा। कार्यक्रम में परिवहन मंत्री नितिन गडकरी मौजूद रहेंगे। पश्चिम बंगाल के लिए ये दोनों प्रोजेक्ट काफी अहम हैं। इसके पश्चात वह असम में 1,600 करोड़ रुपये से अधिक की विकास योजनाओं का श्रीगणेश करेंगे।

बिहार चुनाव में  मिली प्रचंड जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी की यह पहली बंगाल यात्रा है। प्रधानमंत्री ने भरोसा जताया है कि बंगाल में भी राजनीतिक बदलाव होगा। प्रधानमंत्री की रैली ताहेरपुर इलाके में आयोजित होगी। यहां मतुआ समुदाय और शरणार्थी आबादी की संख्या काफी ज्यादा है। नादिया जिले का राणाघाट और उत्तर 24 परगना का ठाकुरनगर, मतुआ समुदाय के मुख्य केंद्र माने जाते हैं। भाजपा इस वर्ग के मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश कर रही है। प्रधानमंत्री का प्रयास एक रैली से कई जिलों को साधने का होगा।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी असम यात्रा से इस पूर्वोत्तर राज्य को 1600 करोड़ रुपये से अधिक की सौगात देंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे, साथ ही जनसभाओं को भी संबोधित करेंगे। प्रधानमंत्री शनिवार दोपहर को बंगाल से गुवाहाटी हवाई अड्डे पहुंचेंगे। यहां वह नए टर्मिनल के बाहर असम के पहले मुख्यमंत्री गोपीनाथ बोरदोलोई की 80 फीट ऊंची प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

प्रधानमंत्री लगभग 4,000 करोड़ रुपए की लागत से बने नए टर्मिनल का उद्घाटन और परिसर का निरीक्षण करेंगे। वे यहां एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे। असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने सोशल मीडिया पर , लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के एकीकृत टर्मिनल को प्रधानमंत्री के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार बताया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *