नई दिल्ली : 15 अगस्त यानि स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले देश की राजधानी दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए पुलिस व सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी का स्तर बढ़ा दिया है।

15 अगस्त को लाल किले पर होने वाले राष्ट्रीय समारोह के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने राजधानी के मुख्य बाजारों, सार्वजनिक स्थानों तथा  संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा बढ़ाने के साथ – साथ 19 मोस्ट वॉन्टेड आतंकवादियों के पोस्टर भी सार्वजनिक किए हैं।

इन पोस्टर्स में ऐसे वांछित आतंकवादियों की तस्वीरें व पहचान से जुड़ी जानकारी साझा की गई है, जिनके संबंध अल कायदा, इंडियन मुजाहिदीन और विभिन्न खालिस्तानी आतंकी संगठनों से बताए गए हैं। दिल्ली पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पोस्टर में दिखने वाले किसी भी व्यक्ति के बारे में जानकारी होने पर तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए।

दिल्ली पुलिस का मकसद न सिर्फ वांछित आतंकवादियों के चेहरे सार्वजनिक करना है, बल्कि आम लोगों को भी सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा बनाना है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि पोस्टर में दिखाई दे रहा कोई भी व्यक्ति कहीं सामने आता है या उसके बारे में कोई विश्वसनीय सूचना प्राप्त होती है, तो तत्काल पुलिस को सूचित करने का कार्य किया जाए।

पुलिस की ओर से आश्वासन दिया गया है कि सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने के साथ – साथ उसे उचित इनाम भी दिया जाएगा। जनता के लिए पुलिस कंट्रोल रूम के 112 नंबर के साथ विशेष प्रकोष्ठ से संपर्क की जानकारी भी पोस्टरों में उपलब्ध कराई गई है।

स्वतंत्रता दिवस से पहले राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा का दायरा लाल किले और समारोह स्थल तक ही सीमित नहीं रखा गया है। राजधानी के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, मुख्य बाजारों, मेट्रो व रेलवे स्टेशनों के अलावा अन्य संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ा दी गई है।

दिल्ली मेट्रो में प्रत्येक व्यक्ति की सघन जांच के पश्चात ही उसे प्रवेश करने दिया जा रहा है। इस कार्य के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। भीड़भाड़ वाली जगहों पर संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सुरक्षा जांच को पहले से अधिक सख्त किया गया है। पुलिस का उद्देश्य किसी भी संभावित खतरे की पहचान समारोह से पहले करके उसे विफल करना है।

सुरक्षा तैयारियों को ध्यान में रखकर ही स्वतंत्रता दिवस से कुछ दिन पूर्व दिल्ली पुलिस व राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड यानी एनएसजी ने राजधानी में बड़े स्तर पर संयुक्त आतंकवाद रोधी अभ्यास किया था। सुदर्शन शक्ति 5 नाम से आयोजित किए गए इस अभ्यास में संभावित आतंकी हमलों जैसी परिस्थितियां बना कर सुरक्षा एजेंसियों की प्रतिक्रिया क्षमता को जांचा परखा गया।

इस दौरान गोलीबारी, एक साथ कई धमाके, बंधक बनाने, विमान अपहरण और जैविक, रासायनिक, रेडियोलॉजिकल या परमाणु प्रकृति के हमले जैसी आपात स्थितियों से निपटने का अभ्यास किया गया।

इस संयुक्त अभ्यास के लिए राजधानी के कई महत्वपूर्ण स्थानों को चुना गया था। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, कश्मीरी गेट स्थित ISBT, कनॉट प्लेस, नेहरू प्लेस, लाल किला मेट्रो स्टेशन व कालकाजी मंदिर पर इसका रिहर्सल किया गया।

दिल्ली पुलिस की जिला टीम, स्वाट टीम, बम निरोधक दस्ते, ट्रैफिक पुलिस व अपराध शाखा के अतिरिक्त सेना, सीआईएसएफ, एनडीआरएफ, दमकल और स्वास्थ्य विभाग से जुड़ी टीमों ने भी इस अभ्यास में हिस्सा लिया।

सुरक्षा एजेंसियों ने स्वतंत्रता दिवस से पूर्व राष्ट्रीय राजधानी में आवागमन करने वाले लोगों और वाहनों की गतिविधियों पर भी निगरानी बढ़ा रही हैं। किराएदारों, गेस्ट हाऊस, होटल व संदिग्ध वाहनों के सत्यापन के साथ ही सार्वजनिक स्थानों पर सीसीटीवी से निगरानी करने के साथ गश्त को भी मजबूत किया जा रहा है।

पुलिस का लक्ष्य किसी भी संदिग्ध गतिविधि को प्रारंभिक स्तर पर ही पहचान कर उसका समाधान करने पर है। पुलिस प्रशासन का पूरा फोकस स्थानीय पुलिस से लेकर केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों तक सूचना का तीव्रता से आदान-प्रदान करने पर है।

विदित हो कि स्वतंत्रता दिवस, देश के सबसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय आयोजनों में से है। ऐसी स्थिति में दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां किसी भी संभावित खतरे को लेकर कोई जोखिम नहीं उठाना चाहतीं। मोस्ट वॉन्टेड आतंकियों के पोस्टर जारी करना इसी सतर्कता अभियान का एक अहम हिस्सा है।

दिल्ली पुलिस का पुरजोर प्रयास है कि आतंकियों के चेहरों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए। यदि अगर इनमें से कोई व्यक्ति राजधानी या उसके आसपास के क्षेत्र में नजर आए तो उसके बारे में तत्काल सुराग जुटाया जा सके।

वर्तमान में राजधानी दिल्ली में सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर हैं और 15 अगस्त तक राजधानी के प्रमुख स्थानों पर अतिरिक्त सतर्कता जारी रहने की संभावना बनी हुई है। दिल्ली पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध वस्तु, व्यक्ति अथवा गतिविधि को कदापि नजरअंदाज न किया जाए और इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दी जाए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *