पंजाब/ धूरी

संवाददाता : अनिल सौदा

पंजाब के धूरी शहर की होनहार बेटी और आर्किटेक्ट नेहा की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मृत्यु के बाद सोमवार को राम बाग में उनका अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम संस्कार के दौरान बड़ी संख्या में शहरवासी और परिवार के सदस्य मौजूद रहे। इस घटना को लेकर परिजनों और शहरवासियों में गहरा दुख और रोष देखने को मिला।

परिजनों ने नेहा के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि शादी के बाद से ही नेहा को कथित तौर पर परेशान किया जा रहा था। परिवार का आरोप है कि नेहा को जहर देकर मौत के घाट उतारा गया। हालांकि, इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

बताया जा रहा है कि नेहा की शादी करीब सात वर्ष पूर्व हुई थी और उसकी एक बेटी भी है। परिवार के अनुसार, नेहा एक होनहार आर्किटेक्ट थी और अपने भविष्य को लेकर आशान्वित थी। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे धूरी शहर में शोक की लहर है।

राम बाग में नेहा के अंतिम संस्कार के दौरान मुख्यमंत्री कार्यालय के इंचार्ज एवं सामाजिक उद्योगों के चेयरमैन दलवीर सिंह ढिल्लों ने परिवार के साथ दुख साझा किया। उन्होंने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। यदि जांच में कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा तथा परिवार को न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जाएंगे।

वहीं, पूर्व विधायक दलवीर सिंह गोल्डी ने भी नेहा के परिवार के साथ खड़े होने की बात कही। उन्होंने कहा कि धूरी की इस बेटी को इंसाफ दिलाने के लिए न्यायोचित कार्रवाई होनी चाहिए।

उधर, शहरवासियों और परिजनों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच करते हुए आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग  की है। लोगों का कहना है कि नेहा की मौत की सच्चाई सामने आनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

परिजनों और शहरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि मामले में जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में शहर स्तर पर बड़ा संघर्ष शुरू किया जा सकता है। हालांकि, फिलहाल सभी की निगाहें पुलिस जांच पर टिकी हैं, जिसके बाद ही नेहा की मौत के पीछे की वास्तविक वजह पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *