नई दिल्ली: दिल्ली सरकार ने नई इलेक्ट्रिक वाहन नीति का खाका तैयार कर लिया है। अगले वित्त वर्ष में इसे लागू कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार, सरकार यह चाहती है कि इलेक्ट्रिक वाहन अपनाना इतना सरल हो जाए, कि यह हर दिल्लीवासी की पहली पसंद बन जाए।
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा है कि ईवी पॉलिसी प्रदूषण को नियंत्रित करने में सहायक है। पेट्रोल और डीजल वाहनों से निकलने वाला धुआं, प्रदूषण का एक बड़ा कारण है। सरकार की नई नीति केवल आर्थिक लाभ के लिए नहीं, बल्कि दिल्ली को एक स्वच्छ भविष्य देने के लिए लाई जा रही है। उन्होंने उम्मीद जताई कि दिल्ली का हर नागरिक ईवी अपनाकर इसे सफल बनाएगा। नई पॉलिसी में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर और सब्सिडी खास रहेगी, जिससे दिल्ली न केवल देश की, बल्कि दुनिया की ईवी राजधानी बन कर उभरेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा, पीएम नरेंद्र मोदी के 2070 तक नेट जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य को दिल्ली से बल मिलेगी। उन्होंने कहा, दिल्ली का भूगोल और जलवायु ऐसी है कि यहां जीरो उत्सर्जन वाहनों के अलावा कोई दूसरा विकल्प है ही नहीं। इसलिए सरकार ईवी को लग्जरी नहीं, बल्कि आवश्यक मानती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की ओर से वित्तीय प्रोत्साहन मिलने से इलेक्ट्रिक वाहनों की कीमतें घट जाएंगी।
राजधानी में ईवी वाहन खरीदने के लिए रोड टैक्स और पंजीकरण शुल्क को पहले ही समाप्त किया जा चुका है, जिससे नई गाड़ी खरीदना काफी किफायती हो जाएगा। सरकार ने पुराने वाहनों के लिए स्क्रैपिंग प्लान तैयार किया है। सरकार प्रदूषण फैलाने वाले पुराने वाहनों को सड़कों से हटाने के लिए स्क्रैपिंग इंसेंटिव योजना ला रही है। यदि कोई नागरिक अपना पुराना पेट्रोल या डीजल वाहन कबाड़ (स्कैप) करता है, तो उसे नया ईवी वाहन खरीदने पर अतिरिक्त आर्थिक लाभ दिया जाएगा।
सरकार ने वाहन निर्माताओं से कहा है कि वे मांग के अनुसार ईवी की आपूर्ति सुनिश्चित करें। कंपनियों को आगाह किया गया है कि वे वाहनों की लागत भी वाजिब रखें। नीति को अंतिम रूप देने से पहले बिजली कंपनियों, वाहन निर्माताओं और स्क्रैप डीलरों के साथ विस्तृत चर्चा चल रही है। जल्द ही जनता के सुझावों के लिए मसौदा सार्वजनिक किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा, सार्वजनिक स्थानों के अलावा आवासीय कॉलोनियों में सार्वजनिक चार्जिंग पॉइंट बनाए जाएंगे। पुरानी बैटरियों के वैज्ञानिक तरीके से निपटान और बैटरी स्वैपिंग की सुविधा भी प्रदान की जाएगी। चार्जिंग के लिए ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा।
