उत्तराखंड: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को मुख्य सेवक सदन में 215 उपनिरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। नियुक्ति पत्र पाने वालों में 104 उप-निरीक्षक, 88 गुल्मनायक (पीएसी) और 23 अग्निशमन द्वितीय अधिकारी सम्मिलित हैं।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और आपदा प्रबंधन प्रणाली को मजबूती प्रदान करने में पुलिस की अहम भूमिका होती है। उन्होंने नवनियुक्त उप निरीक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि अब तक की उनकी परीक्षा केवल शुरुआत थी, जीवन की असली परीक्षा अब शुरू हो रही है। उन्हें अब उत्तराखंड राज्य की सुरक्षा, कानून व्यवस्था, आपदा प्रबंधन एवं अग्निशमन जैसे महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, अनुशासन और समर्पण के साथ करना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड दो अंतरराष्ट्रीय और दो आंतरिक सीमाओं से लगा राज्य है। राज्य में शांति एवं सुव्यवस्था बनाए रखने के साथ नशा, साइबर क्राइम, यातायात, महिला अपराध, आपदा प्रबंधन, चारधाम एवं कांवड़ यात्रा जैसे अनेक मौकों पर पुलिस को अग्रिम मोर्चा संभालना पड़ता है। सभी मोर्चों पर सफल रहने की कवायद में पुलिस अहम भूमिका निभाती है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है। इसके परिणामस्वरूप बीते वर्षों में 25 हजार से अधिक युवाओं का सरकारी नौकरी का ख्वाब पूरा हो पाया है। राज्य में सभी परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी एवं निष्पक्ष तरीके से आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि नवनियुक्त अधिकारी अपने कर्तव्यों का पालन निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ करेंगे तथा शांति, सुरक्षा और जनता के विश्वास को और अधिक मजबूत बना कर राज्य को प्रगति के पथ पर अग्रसर करेंगे।
