हिमाचल प्रदेश: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने गुरुवार को एक अनौपचारिक वार्तालाप में कहा कि हमारी सरकार आने वाले समय में नशा तस्करों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई कर उनकी कमर तोड़ देगी। उन्होंने कहा कि इस साल रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे और सरकार की ओर से लिए गए निर्णयों का लाभ स्पष्ट रूप से इस नए साल में देखने को मिलेगा।
सीएम सुक्खू ने कहा कि तीन साल बाद सरकार की योजनाएं धरातल पर दिखाई देने लगी हैं, और आने वाले समय में व्यवस्था परिवर्तन साफ नजर आएगा। उन्होंने कहा कि सरकार अपने सारे फैसले प्रदेश हित का हित ध्यान में रखकर ले रही है। लोगों को सुविधा प्रदान करने वाले फैसलों में अगर नियम और कानून में अड़चन आती है तो वह उन्हें परिवर्तित करने में जरा भी नहीं हिचकिचाएंगे। युवाओं के लिए रोजगार, गांव के किसानों के हित और महिलाओं के सम्मान में जो भी अड़चनें बाधा उत्पन्न करेंगी, उनका निपटारा किया जाएगा।
नए वर्ष के पहले दिन अनौपचारिक बातचीत में सीएम सुक्खू ने कहा कि चालीस साल पुरानी व्यवस्था को बदला जा रहा है। जनता और प्रदेश के हित में कुछ कठिन फैसले लेने पड़े जिससे कुछ लोगों को उनसे कष्ट हुआ होगा। सरकार ने कई अच्छे फैसले लिए हैं जिनसे संभवतः थोड़े वक्त के लिए कष्ट हुआ होगा, लेकिन तीन साल बाद इसके अच्छे परिणाम नजर आने लगे हैं। यदि फैसले नहीं लिए गए होते तो यह बदलाव नजर आना संभव नहीं होता।
सीएम ने कहा यदि 2027 में आत्मनिर्भर बनना है तो प्रदेश में नीतिगत बदलाव करने पड़ेंगे। भ्रष्टाचार के चोर दरवाजों को बंद करना ही सरकार का उद्देश्य है। समाज के 70 लाख से अधिक लोगों को ध्यान में रखकर योजनाएं अमल में लाई जानी हैं। तीन साल पहले व्यवस्था परिवर्तन को लेकर विचार किया गया था और उसके अनुसार ही नीति में बदलाव किया गया है।
सीएम ने कहा कि प्रदेश ने आर्थिक चुनौतियों का सामना किया है। सब चुनौतियों को देखते हुए 2026 में हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कदम बढ़ाए जाएंगे। 2026 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 1500 करोड़ रुपये की घोषणा के पूरा होने की भी पूरी उम्मीद है।
मुख्यमंत्री सुक्खू ने गुरुवार को सपत्नी लोक भवन पहुंच कर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने प्रदेश वासियों के लिए सुख – समृद्धि एवं विकास की कामना की।
