नई दिल्ली: पिछले कुछ समय से प्रदूषण की तकलीफ झेल रही राजधानी दिल्ली को हवाओं ने थोड़ी राहत प्रदान की है। दिल्ली में AQI घटकर 250 से नीचे आ गया है, हालांकि यह भी हवा की खराब श्रेणी के अंतर्गत आता है । केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का अनुमान है कि रविवार तक हवा की यही श्रेणी बरकरार रहेगी। नए साल का दूसरा दिन लोगों के लिए थोड़ा राहत भरा रहा। हवा के दिशा बदलने और  तेज गति से बहने के कारण शुक्रवार को प्रदूषण अति ख़राब से खराब की श्रेणी में पहुंच गया जोकि आज भी बरकरार है। एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम फॉर दिल्ली के मुताबिक़, शनिवार सुबह राजधानी का AQI 220 दर्ज हुआ है।

केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के पूर्वानुमान के अनुसार, रविवार तक हवा इसी श्रेणी में बरकरार रहेगी परन्तु सोमवार से हवा दोबारा बेहद खराब श्रेणी में पहुंच सकती है। राजधानी में सांस के मरीजों को तो परेशानी का सामना करना पड़ ही रहा है। उनके अलावा अन्य लोगों को भी खांसी, सिरदर्द और आंखों में जलन जैसी समस्याओं से दो – चार होना पड़ रहा है।

राजधानी दिल्ली की हवा में सुधार आने के बाद ग्रेप-3 की पाबंदियां फिलहाल हटा ली गई हैं। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि राहत के बावजूद जमीनी स्तर पर प्रदूषण के खिलाफ कार्रवाई बदस्तूर जारी रहेगी। पर्यावरण मंत्री ने कहा कि पर्यावरण में आ रहा सुधार लगातार की गई जमीनी कार्रवाई का नतीजा है। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को दिल्ली का AQI पिछले दिन 380 था, जो 24 घंटे के भीतर घटकर 236 पर आ गया है। उन्होंने कहा कि ये संकेत है कि प्रयास सही दिशा में किए जा रहे हैं और उनका असर दिख रहा है। जो सुधार हो गया है उसे बनाए रखना होगा। ग्रेप-3 की पाबंदियां हटने के बावजूद सरकार मानकों में ढील नहीं देगी। प्रदूषण के खिलाफ बड़े पैमाने पर कार्रवाई की गई है।

भले ही ग्रेप-3 को हटा लिया गया है, लेकिन सर्दियों के मौसम और हवा की स्थिति को देखते हुए ग्रेप के चरण-I और II के तहत लागू उपाय और पाबंदियां जारी रहेंगी। सरकार ने सभी संबंधित एजेंसियों को सतर्क रहने और संशोधित शेड्यूल के अनुसार सख्त निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं ताकि प्रदूषण का स्तर फिर से अति गंभीर श्रेणी में न पहुंच पाए।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *