उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने ऐलान किया है कि 2027 के चुनाव में प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर पात्र महिलाओं को हर साल चालीस हजार रुपए प्रदान कर उनकी आर्थिक सहायता की जाएगी। सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि आज भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार से समाज का प्रत्येक वर्ग त्रस्त है। भाजपा जनता को गुमराह करने के लिए हर तरह के हथकंडे अपना रही है। मंत्रिमंडल विस्तार के नाम पर जनता को धोखा देने के लिए मंत्री बनाती है। ऐसे में भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए सतर्कता पूर्वक राजनीति करनी होगी।

सपा अध्यक्ष शनिवार को प्रदेश के विभिन्न जिलों से प्रदेश सपा मुख्यालय पर एकत्रित हुए कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने हर विभाग में लूट मचा रखी है। यूरिया खाद से लेकर धान खरीद तक में भ्रष्टाचार, मुनाफाखोरी और कालाबाजारी  का बोलबाला है। भाजपा सरकार ने प्रदेश की शिक्षा, कानून और स्वास्थ्य व्यवस्था को चौपट कर दिया है। उन्होंने कहा कि किसानों को फसलों की सही कीमत नहीं मिल पा रही है। दुग्ध उत्पादकों को दूध का उचित दाम नहीं मिल रहा है और सरकार के संरक्षण में बिचौलिए चांदी काट रहे हैं। भाजपा सरकार हर मामले में असफल रही है।

उत्तर प्रदेश सपा मुख्यालय पर देश की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्री बाई फुले की जयंती का सादगी से आयोजन किया गया। इस अवसर पर अखिलेश यादव ने कहा कि भारत में महिला शिक्षा की ज्योति जलाकर महिला सशक्तिकरण का मार्ग प्रशस्त करने वाली सावित्री बाई फुले महान समाज सेविका थीं। इस मौके पर सपा अध्यक्ष ने समाजवादी पीडीए पंचांग-2026 का विमोचन भी किया। इस पीडीए पंचांग में समाज के महापुरुषों की जयंती और पुण्यतिथि के साथ राष्ट्रीय एवं ऐतिहासिक दिवसों का भी उल्लेख है।

समाजवादी पार्टी बाबा साहब आंबेडकर वाहिनी ने राजधानी लखनऊ समेत समूचे प्रदेश में सावित्रीबाई फुले की जयंती मनाई। वाहिनी ने कई कार्यक्रम आयोजित कर लोगो को उनके जीवन संघर्षों के बारे में बताया। जब समाज जातिवाद और अंधविश्वास जैसी बेड़ियों में जकड़ा था, तब सावित्रीबाई फुले ने शिक्षा को हथियार बनाकर समाज को उनसे मुक्त कराने की मुहिम छेड़ दी थी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *