छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में 134 पुनर्वासित युवाओं के लिए जिला परियोजना लाइवलीहुड कॉलेज सोसाइटी के माध्यम से एक दिवसीय शैक्षणिक, कृषि और पर्यटन भ्रमण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। छत्तीसगढ़ राज्य में शासन पुनर्वासित युवाओं को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर प्रयास कर रहा है। इसी कवायद के अंतर्गत दंतेवाड़ा जिले में सवा सौ से अधिक पुनर्वासित युवाओं के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक, कृषि और पर्यटन भ्रमण कार्यक्रम आयोजित हुआ।
दरअसल, इस संदर्भ में पुनर्वासित युवाओं ने जिला प्रशासन के समक्ष कृषि और पर्यटन क्षेत्रों में व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करने की इच्छा जाहिर की थी। उनके निवेदन के मद्देनजर जिला प्रशासन की पहल पर यह भ्रमण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को आजीविका के नए विकल्पों से परिचित कराया जाना सुनिश्चित किया जा सका।
इस एक दिवसीय भ्रमण के दौरान युवाओं ने जैविक खेती की उन्नत तकनीकों की जानकारी पाई। कृषि विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को कम लागत में अधिक उत्पादन, रासायनिक उर्वरकों के बिना खेती, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण आदि पहलुओं को व्यावहारिक और विस्तृत रूप से समझाया। लाइवलीहुड कॉलेज के प्रशिक्षक भी इस कार्यक्रम के दौरान वहां मौजूद रहे।
कृषि तकनीक की जानकारी साझा करने के साथ ही युवाओं को जिले के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण भी कराया गया। उन्हें स्थानीय पर्यटन की संभावनाओं, होम-स्टे संचालन, गाइड सेवाओं, हस्तशिल्प और स्थानीय उत्पादों के माध्यम से रोजगार सृजन के अवसरों की जानकारी प्रदान की गई। इस भ्रमण के दौरान युवाओं को यह समझने का अवसर प्राप्त हुआ कि पर्यटन क्षेत्र में भी आय और रोजगार की प्रबल संभावनाएं हैं।
भ्रमण कार्यक्रम के आयोजन से उत्साहित युवाओं ने लाइवलीहुड कॉलेज प्रशासन से भविष्य में दो – तीन दिवसीय विशेष आवासीय कृषि प्रशिक्षण आयोजित करने का निवेदन किया। युवाओं के अनुसार, इस तरह के प्रशिक्षण प्राप्त करने के पश्चात् वह अपने गांव लौटकर उन्नत जैविक खेती को अपनाकर स्थायी आजीविका के अवसर प्राप्त कर सकेंगे। जिला प्रशासन ने युवाओं की सकारात्मक पहल की सराहना और प्रशंसा की। युवाओं को भविष्य में कौशल विकास और स्वरोजगार से जुड़े प्रशिक्षण कार्यक्रमों को समय – समय पर आयोजित किए जाने का आश्वासन दिया गया है।
