नई दिल्ली: उत्तर भारत में सर्दी इस सीजन के रिकॉर्ड तोड़ती नजर आ रही है। रविवार को राजधानी का न्यूनतम पारा शिमला से भी कम दर्ज किया गया। जहां शिमला का न्यूनतम तापमान 3 डिग्री से अधिक रहा वहीं दिल्ली में सिर्फ 3 डिग्री दर्ज किया गया। सोमवार को भी इस ठंड से ज्यादा राहत मिलने की उम्मीद कम ही है। मौसम विभाग ने शीतलहर चलने और ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। दिन का तापमान 19 डिग्री सेल्सियस के करीब जबकि रात का तापमान 3 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के अनुमान जताया गया है।
सुबह के समय घना कोहरा छाने और बर्फीली हवाओं के चलने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। ठंड के चलते सड़कों पर आवाजाही कम दिखाई दे रही है और खुले इलाकों में कंपकंपाती ठिठुरन महसूस की जा रही है। बीमार, बच्चों, बुजुर्गों और बेघर लोगों के लिए ठंड चुनौती बनकर सामने खड़ी है। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ और उत्तर-पश्चिमी सर्द हवाओं के चलते तापमान में तेज गिरावट दर्ज की जा रही है। आने वाले दिनों में भी सुबह और रात के समय भीषण ठंड पड़ने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को भी ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है। राजधानी और आसपास के इलाकों में अगले कुछ दिनों तक मौसम ऐसे ही शुष्क बना रहेगा। सुबह के समय कोहरा लोगों की परेशानी में इजाफा कर सकता है। ऐसे में मौसम विभाग ने शीतलहर के साथ ठंड का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 14 जनवरी को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहेगा। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने से सुबह के समय कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।
