जम्मू – कश्मीर: जम्मू कश्मीर में श्रीनगर निवासी सालिख बिन फारूक ने दीव में आयोजित खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 में पेंचक सिलाट में स्वर्ण पदक जीतकर जम्मू-कश्मीर का मान बढ़ाया है।
केंद्र शासित प्रदेश दादर नगर हवेली, दमन और दीव में आयोजित खेलो इंडिया बीच गेम्स 2026 के दूसरे संस्करण में श्रीनगर के कुंबक इलाही बाग के रहने वाले सालिख बिन फारूक ने पेंचक सिलाट में स्वर्ण पदक हासिल किया। सालिख ने 65-70 किलोग्राम वेट कैटेगरी में स्वर्ण पदक जीतकर शानदार प्रदर्शन किया। टॉप पोडियम तक पहुंचने के अपने संपूर्ण सफर में सालिख ने असाधारण धैर्य, कौशल, और कुशल रणनीति का प्रदर्शन किया।
सालेख ने क्वार्टर-फाइनल में तमिलनाडु के खिलाफ शानदार जीत हासिल की, जिसके बाद सेमीफाइनल में छत्तीसगढ़ के खिलाफ भी दमदार प्रदर्शन दोहराया। फाइनल मुकाबले में, सालिख ने दिल्ली को हराकर गोल्ड मेडल पर कब्जा किया। बता दें कि खेलो इंडिया बीच गेम्स के दूसरे संस्करण में आठ बीच खेलों में ग्यारह सौ से अधिक एथलीट्स ने प्रतिस्पर्धा की थी।
स्वर्ण पदक हासिल करने के पश्चात् सालिख ने इसका श्रेय अपने कोच और सपोर्ट सिस्टम को दिया। अपनी स्वर्णिम सफलता के लिए उन्होंने अपने कोच का आभार व्यक्त किया। सालिख ने कहा कि उनके कोच के मार्गदर्शन, ट्रेनिंग और प्रेरणा ने उनके प्रदर्शन में मुख्य भूमिका निभाई है। यह गोल्ड मेडल मेरे कोच का मुझ पर जताए गए विश्वास का परिणाम है।
राष्ट्रीय आयोजन में अपने अनुभव के बारे में उनका कहना था कि खेलो इंडिया बीच गेम्स में मुकाबला खेलना एक शानदार अनुभव था। उन्होंने कहा कि पेंचक सिलाट का तेजी से सारे भारत में प्रसार हो रहा है, और यह देखकर खुशी का अनुभव होता है कि इस खेल से इतनी सारी सकारात्मक कहानियां सामने आ रही हैं।
जेके स्पोर्ट्स काउंसिल ने मेडल जीतने वालों, कोचों और सपोर्ट स्टाफ को दिल से बधाई दी, और कहा कि ये नतीजे केंद्रित ट्रेनिंग, संस्थागत समर्थन और खेल विकास में लगातार निवेश की प्रभावशीलता को दिखाते हैं। काउंसिल ने दोहराया कि जम्मू और कश्मीर के एथलीट अब देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों के खिलाफ आत्मविश्वास और निरंतरता के साथ प्रतिस्पर्धा कर रहे हैं।
बता दें कि खेलो इंडिया 2026 बीच गेम्स में जम्मू और कश्मीर की टीम को जम्मू-कश्मीर स्पोर्ट्स काउंसिल ने प्रायोजित किया था। बीच गेम्स में टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और अलग-अलग खेलों में दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक हासिल किया। टीम को पेंचक सिलाट में ओवरऑल मेन्स चैंपियन भी घोषित किया गया।
जम्मू-कश्मीर के खेल मंत्री ने बीच गेम्स में टीम के प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां जम्मू-कश्मीर के युवाओं की सकारात्मक ऊर्जा को प्रदर्शित करती हैं। जम्मू कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर ने भी टीम के शानदार प्रदर्शन पर बधाई दी। उन्होंने एथलीट्स के प्रभावशाली और शानदार प्रदर्शन को देखते हुए कहा कि ये उपलब्धियां जम्मू कश्मीर में बढ़ती खेल संस्कृति का उदाहरण हैं।
