पंजाब: एक बार फिर से पंजाब में बम की धमकी ने खौफ का माहौल बना दिया। इस बार लुधियाना और फतेहगढ़ साहिब जिला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। बुधवार सुबह आई एक मेल के बाद हड़कंप मच गया। सूचना पर पुलिस माैके पर पहुंची और जांच शुरु की।
पंजाब के विभिन्न शहरों में कोर्ट परिसरों को बम से उड़ाने की धमकियों के बीच एक बार फिर लुधियाना कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। यह धमकी बुधवार सुबह ज्यूडिशियल की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजी गई, जिससे पूरे प्रशासन में अफरा – तफरी का माहौल बन गया। धमकी भरे ईमेल के संबंध में बार एसोसिएशन लुधियाना के प्रधान को अवगत कराया गया। इसके बाद पुलिस के आला अधिकारियों को सूचना दी गई और सुरक्षा कारणों के चलते कोर्ट परिसर में नो वर्क डे घोषित कर दिया गया।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कोर्ट खुलने से पहले ही ई-मेल के माध्यम से धमकी दी गई थी कि कुछ ही समय में लुधियाना कोर्ट परिसर को बम से उड़ा दिया जाएगा। धमकी की सूचना मिलते ही लुधियाना पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पूरे कोर्ट परिसर को खाली कराने के बाद बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने सघन तलाशी अभियान प्रारंभ किया।
किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने के लिए कोर्ट परिसर, पार्किंग एरिया, वकीलों के चेंबर और अन्य संवेदनशील जगहों की सघन जांच की गई। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
फतेहगढ़ साहिब के न्यायिक परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। धमकी की सूचना मिलते ही प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं और एहतियातन न्यायिक परिसर में प्रवेश पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट परिसर के भीतर मौजूद वकीलों, कर्मचारियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके बाद पूरे न्यायिक परिसर को खाली करवा दिया गया। मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया और बम निरोधक दस्ता व सुरक्षा एजेंसियों ने न्यायिक परिसर के हर कोने की सघनता से जांच की। किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए आसपास के इलाके को भी सील कर दिया गया।
प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ही अदालतों के कामकाज को लेकर अगला निर्णय लिया जाएगा।
