उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में मकर संक्रांति पर्व पर बृहस्पतिवार को श्रद्धालु पवित्र संगम में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। मेला प्रशासन के अनुमान के अनुसार, 02 करोड़ से अधिक की संख्या में श्रद्धालु स्नान के लिए आ सकते हैं जिसके लिए विभिन्न स्नान घाटों पर पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। व्यवस्था बनाए रखने के लिए आधुनिक ट्रैफिक कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। स्नान घाटों और रास्तों पर किसी भी तरह का व्यवधान न उत्पन्न होने देने और पैनिक की स्थिति न बनने देने के लिए विशेष तैयारी की गई है। संचार के लिए वायरलेस सेट के प्रयोग से स्थिति पर नजर बनाए रखने के लिए प्लान तैयार किया गया है।
मकर संक्रांति से एक दिन पहले ही बुधवार को भी लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा में डुबकी लगा कर स्नान-दान और अनुष्ठान के बाद अन्न का भोग लगाया। संक्रांति का मुहूर्त शुरू होने से पहले ही बुधवार को लाखों श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान कर लिया था। पछुआ हवा और कड़ाके की ठंड होने के बावजूद भी श्रद्धालुओं को गंगा घाटों पर पवित्र स्नान किया।
जल पुलिस को पूरी सतर्कता बरतने और जो जिधर से आएगा उसी ओर के नजदीकी स्नान घाट पर स्नान कराने की व्यवस्था बनाने के निर्देश जारी किए गए हैं। संवदेनशील चौराहों के बीच जाम लगने वाले स्थानों को चिन्हित करके क्लियर रखने के लिए क्विक रिस्पॉन्स टीम बनाई गई है। मेले में जाम लगने की स्थिति बनने पर एसीपी, एसएचओ और एसआई की जवाबदेही भी तय की गई है।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए स्नान घाट से लेकर मेला परिसर में पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पीएसी और बाढ़ राहत पीएसी की कंपनी, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें, एंटी माइंस की कंपनी, एटीएस की टीमें आदि तैनात कर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। चौपहिया और दोपहिया वाहनों से पूरे क्षेत्र की निगरानी का इंतजाम किया गया है।
