पंजाब/ अमृतसर
संवाददाता : अनिल सौदा
पंजाब के अमृतसर के राजसांसी पुलिस स्टेशन के अंतर्गत कोटली साका गांव में आबकारी विभाग और पुलिस की संयुक्त छापेमारी की गई। छापेमारी के दौरान टीम द्वारा सरकारी जमीन पर बने एक तालाब स्थल से भारी मात्रा में अवैध लाहन बरामद किया गया है। टीम ने मौके से 10 ड्रमों में भरा लगभग 1800 लीटर लाहन जब्त किया है।
पुलिस ने इस मामले में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। आबकारी निरीक्षक जगदीप कौर और राजसांसी पुलिस स्टेशन के एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई उच्च अधिकारियों के निर्देशानुसार अवैध शराब और लाहन के खिलाफ की गई है।
पुलिस और आबकारी विभाग की टीम को कोटली साका गांव स्थित सरकारी तालाब स्थल पर अवैध लाहन के उत्पादन की गोपनीय सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना के आधार पर इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।
सूचना प्राप्त होने के पश्चात जब टीम ने मौके पर छापा मारा, तो वहां से 10 ड्रमों में भरी लगभग 1800 लीटर लाहन बरामद की गई।
अधिकारियों के अनुसार, लाहन मौके पर लावारिस हालत में पाई गई, जिसके कारण इसके मालिक या इसे बनाने वालों की तुरंत पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने इस संबंध में अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है। अधिकारियों ने यह भी बताया कि इस सरकारी तालाब से पहले भी अवैध लाहन बरामद की जा चुकी है।
पूर्व में हुई कार्रवाई के समय भी ग्राम सरपंच को मामले में शामिल व्यक्तियों की पहचान करने और पुलिस के साथ सहयोग करने के लिए कहा गया था। हालांकि, अधिकारियों के अनुसार, तब भी पंचायत ने पर्याप्त सहयोग नहीं दिया था। एसएचओ गुरप्रीत सिंह ने बताया कि इस बार भी मौजूदा ऑपरेशन के दौरान ग्राम सरपंच और पंचायत सदस्यों को मौके पर पहुंचने के लिए संदेश भेजा गया था, लेकिन वह नहीं आए।
पुलिस अब मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सरकारी जमीन पर इतनी बड़ी मात्रा में लाहन किसने रखा था। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच के दौरान इस अवैध गतिविधि में शामिल पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।