पंजाब/ अमृतसर
संवाददाता : अनिल सौदा
पंजाब के अमृतसर में सज्जन कुमार के अंतिम संस्कार में भारतीय जनता पार्टी के तीन एमपी के आने को लेकर पंजाब की पॉलिटिक्स गरमा गई है। आम आदमी पार्टी ने आज पूरे पंजाब में बीजेपी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। इसी सिलसिले में आम आदमी पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अमृतसर में बीजेपी के राज्यसभा सदस्य और नेता तरुण चुघ के घर के बाहर भी विरोध प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन द्वारा मौके पर भारी पुलिस फोर्स की तैनाती की गई थी।
अमृतसर सेंट्रल से आम आदमी पार्टी के विधायक डॉ. अजय गुप्ता ने बीजेपी पर वोट बैंक की पॉलिटिक्स करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सज्जन कुमार को 1984 के दिल्ली सिख विरोधी दंगों से जुड़े एक मामले में अदालत ने दोषी ठहराया था और उन्हें आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई थी। ऐसे में भाजपा के तीन सांसदों का उनके अंतिम संस्कार में आकर अपनी संवेदना व्यक्त करना कई सवाल खड़े करता है।
डॉ. अजय गुप्ता ने भाजपा से सवाल किया कि क्या पार्टी उन लोगों के साथ खड़ी है या उनके खिलाफ जिन पर सिखों की हत्या करने और परिवारों को उजाड़ने का आरोप था। उन्होंने कहा कि भाजपा को 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामलों पर अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
इस मौके पर आप विधायक जीवन जोत कौर और आम आदमी पार्टी नेता सरबजोत सिंह धंजल ने भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि समय-समय पर भाजपा का पंजाब और सिख विरोधी चेहरा सामने आता रहा है। नेताओं ने कहा कि अगर भाजपा सिखों के साथ खड़ी है तो उसे 1984 के मामलों पर भी अपना रुख स्पष्ट करना चाहिए।
आप नेताओं ने कहा कि भाजपा के कुछ नेता संवेदना व्यक्त करने के लिए सज्जन कुमार के घर पहुंचे थे। आप नेताओं ने बताया कि वरिष्ठ वकील एच.एस. फूलका ने इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी सवाल उठाए थे।
अमृतसर में इस विरोध प्रदर्शन के चलते के पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतज़ाम किए थे। फिलहाल सज्जन कुमार के अंतिम संस्कार में बीजेपी नेताओं के पहुंचने को लेकर पंजाब की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज़ हो गया है और आम आदमी पार्टी ने मांग की है कि बीजेपी इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करे।