छत्तीसगढ़ : छत्तीसगढ़ ने प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के क्रियान्वयन की फरवरी 2026 की राज्यवार राष्ट्रीय रैंकिंग में बड़े राज्यों की श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। महिलाओं के स्वास्थ्य, पोषण और सशक्तिकरण के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने एक और राष्ट्रीय उपलब्धि हासिल की है। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के क्रियान्वयन की फरवरी 2026 की राज्यवार राष्ट्रीय रैंकिंग में छत्तीसगढ़ ने बड़े राज्यों की श्रेणी में पहला स्थान प्राप्त किया है। राज्य ने कई बड़े राज्यों को पीछे छोड़ते हुए यह उपलब्धि हासिल की है।

आंकड़ों के मुताबिक छत्तीसगढ़ में योजना के तहत 93.37 प्रतिशत नामांकन दर्ज किया गया है, जबकि स्वीकृति दर 83.87 प्रतिशत रही। साथ ही शिकायतों के त्वरित समाधान की दर 93.95 प्रतिशत रही है। 30 दिनों से अधिक लंबित मामलों की दर केवल 7.07 प्रतिशत और लंबित शिकायत दर 4.96 प्रतिशत दर्ज की गई है, जो योजना के प्रभावी और पारदर्शी क्रियान्वयन को दिखाती है। खास बात यह है कि राज्य ने पिछले महीने की तुलना में छह स्थानों की छलांग लगाते हुए पहला स्थान प्राप्त कर लिया है।

राज्य की इस उपलब्धि पर सीएम विष्णुदेव साय ने महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और मैदानी अमले को बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के माध्यम से गर्भवती महिलाओं को आर्थिक सहायता देकर सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा दिया जा रहा है और राज्य का प्रथम स्थान इस दिशा में किए जा रहे लगातार प्रयासों का ही नतीजा है।

महिला एवं बाल विकास मंत्री ने भी इस उपलब्धि को प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण बताते हुए विभागीय टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि अधिकारियों, कर्मचारियों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के समन्वय और प्रतिबद्धता के कारण ही राज्य यह मुकाम हासिल करने में कामयाब हो पाया है।

विभागीय जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक प्रदेश में 1 लाख 86 हजार से अधिक गर्भवती महिलाओं का योजना के तहत पंजीकरण किया जा चुका है। राज्य सरकार की ओर से अब तक 72 करोड़ 24 लाख 80 हजार से अधिक रुपये की राशि सीधे पात्र हितग्राही महिलाओं के बैंक खातों में ट्रांसफर की जा चुकी है।

सरकार का कहना है कि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन से प्रदेश में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिली है और छत्तीसगढ़ देश के सामने एक प्रेरणादायक मॉडल के रूप में नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *