दिल्ली : राजधानी दिल्ली और एनसीआर में मौसम का आलम यह है कि सुबह से ही सूरज की तपिश ने लोगों को पसीने से तरबतर करना प्रारंभ कर दिया है। बुधवार इस सीजन का अब तक का सबसे गर्म दिन दर्ज किया गया। अभी मार्च माह की बस शुरूआत ही हुई है और गर्मी ने अभी से ही नए रिकॉर्ड बनाने शुरू कर दिए हैं। दिनभर की तेज धूप से लोगों को गर्मी का अहसास होने लगा है।
हालांकि, हवा चलने से मौसम खुशनुमा रहा लेकिन फिर भी इस दौरान लोग पसीने से तरबतर दिखाई दिए। राजधानी और उसके आसपास के शहरों में सुबह और शाम को होने वाली गुलाबी ठंड अब लगभग खत्म सी हो गई है। सुबह से ही निकल रही तेज धूप ने लोगों को खासा परेशान किया हुआ है जिसके चलते दिल्ली के कुछ इलाकों में दिन का तापमान 37 डिग्री के पार पहुंच गया।
मौसम विभाग के मुताबिक़ इस दौरान अधिकतम तापमान 36.9 और न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री करीब दर्ज किया गया। राजधानी में पारा लगातार छठे दिन 35 डिग्री के अधिक रहा। दिल्ली में अधिकतम आर्द्रता 95 प्रतिशत और न्यूनतम 20 प्रतिशत के पास रही। मौसम विभाग की मानें तो दिल्ली के लोगों को आने वाले दिनों में भी गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं दिखाई दे रहे हैं। अगले पांच दिनों के लिए दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों में मौसम इसी प्रकार सामान्य बने रहने रहने की संभावना है।
दिल्ली में अगले कुछ दिनों तक मौसम ज्यादातर साफ रहने की संभावना जताई जा रही है। मौसम विभाग का कहना है कि 12 से 17 मार्च के मध्य तापमान में हल्का उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है और 15 मार्च को हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना भी बन रही है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान 34 से 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। इन दिनों आसमान ज्यादातर साफ रहेगा और हवा उत्तर-पश्चिम दिशा से बहेगी हालांकि, 15 मार्च को मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इस दिन अधिकतम तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच और न्यूनतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया जा सकता है।
