उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन कार्यक्रम में सैनिकों और आम लोगों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने जनता को भरोसा दिया कि सरकार सभी के परिवारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित करेगी। सीएम ने प्रशासन को तय समय सीमा के अंदर समस्याओं के समाधान को निर्देशित किया। इस दौरान इलाज के लिए आर्थिक सहायता व जमीनी विवादों के निष्पक्ष निस्तारण पर भी बल दिया गया।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को आयोजित जनता दरबार में आए सैनिकों को आश्वासन दिया कि वे बेफिक्र होकर देश सेवा करें।उनके परिवार सहित प्रदेश की 25 करोड़ जनता की सुरक्षा, सेवा, सहूलियत और सम्मान सरकार की जिम्मेदारी है और सरकार इसे लेकर पूरी तरह से गंभीर है।
मुख्यमंत्री ने सैनिकों की समस्याएं सुनकर उन्हें आश्वस्त किया कि वे निश्चिंत होकर घर जाएं। सरकार हर समस्या का यथासंभव उचित निराकरण कराएगी। सीएम के जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न जनपदों से पुलिस, जमीनी विवाद, आर्थिक सहायता व स्थानांतरण आदि से जुड़े मामले सामने आए। सीएम ने एक-एक कर सबकी समस्याओं को सुना और प्रार्थना पत्र लेकर अधिकारियों को समय सीमा के अंदर उनके उचित निस्तारण के निर्देश दिए।
जनता दर्शन कार्यक्रम में कई जनपदों से सैनिक आए थे। इनमें से कुछ मामले जमीनी विवादों के भी थे। सीएम योगी ने सबके प्रार्थना पत्र लिए और स्थानीय जिला-प्रशासन व पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि देश की सीमा व आंतरिक सुरक्षा में तैनात जवानों से संपर्क किया जाए। उनकी समस्याओं का किसी भी सूरत में निर्धारित समय सीमा के भीतर उचित निराकरण कराया जाए और पीड़ित परिवार की संतुष्टि आवश्यक है।
जनता दर्शन में जमीनी विवाद, पुलिस, आर्थिक सहायता और स्थानांतरण से जुड़े मामले भी आए। सीएम योगी ने पीड़ितों के प्रार्थना पत्र लेते हुए कहा कि जमीनी विवाद में सभी पक्षों को सुनकर नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाए। इलाज के लिए आर्थिक सहायता के मामले पर सीएम ने मरीज के परिजनों से अस्पताल से एस्टीमेट बनवाने को कहा। उन्होंने कहा कि सरकार हर तबके की मदद के लिए तत्पर है। उन्होंने परिजनों से कहा कि वे अपने मरीज की देखभाल करें, इलाज की चिंता सरकार पर छोड़ दीजिए, सरकार पूरी मदद करेगी। धन के अभाव में किसी का भी इलाज नहीं रुकने पाएगा।
