उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के अयोध्या, अंबेडकरनगर और बलरामपुर समेत अवध क्षेत्र में अफवाह के चलते पेट्रोल-डीजल के लिए पंपों पर लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हालात ऐसे बन गए कि अयोध्या में पेट्रोल पंप पर पेट्रोल-डीजल खत्म के नोटिस तक चस्पा करने पड़े। मंगलवार को आधी रात तक और बुधवार को फिर सुबह से उमड़ पड़ी भीड़ की वजह से व्यवस्था बनाने के लिए कई जगहों पर पुलिस की तैनाती करनी पड़ी।
उत्तर प्रदेश के अयोध्या में अफवाहों के बीच जिले में पेट्रोल-डीजल का संकट अब खुलकर सड़कों पर नजर आने लगा है। शहर के कई पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल-डीजल खत्म के नोटिस चस्पा कर दिए गए हैं, और जहां आपूर्ति की जा रही है वहां भी 100 रुपये तक की सीमा तय कर दी गई है। ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था ठप होने से उपभोक्ताओं को केवल नकद में ईंधन मिल पा रहा है, जिससे परेशानी में कई गुना इजाफा हो गया है।
मौजूदा हालात यह बन गए हैं कि लोग अब गैस सिलिंडर लेने के बाद पेट्रोल के लिए भी लाइन में लगने को मजबूर हो रहे हैं। बुधवार तड़के सवेरे 5 बजे से ही शहर के पेट्रोल पंपों पर लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गईं। आलम यह रहा कि घंटों इंतजार करने के बाद भी पेट्रोल न मिलने पर लोग मजबूरी में खाली हाथ वापस लौट गए।
संकट के बीच पेट्रोली और डीज़ल की काला बाजारी भी तेज हो गई है। शहर में पेट्रोल ब्लैक में 200 रुपए प्रति लीटर बिकने की शिकायतें सामने आ रही हैं। एक स्थानीय निवासी के अनुसार, उसे मंगलवार रात को 200 रुपये देकर एक लीटर पेट्रोल लेना पड़ा। बुधवार सुबह छह बजे से कई पंपों के चक्कर लगा चुकने के बावजूद कहीं पेट्रोल उपलब्ध नहीं मिला।
शहर के साथ – साथ ग्रामीण इलाकों में भी हालात बदतर हो रहे हैं। कई गांवों के पेट्रोल पंप पूरी तरह खाली हो चुके हैं, जिससे खेती – किसानी और रोजमर्रा के कार्य प्रभावित हो रहे हैं। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस प्रशासन को रातभर गश्त करनी पड़ रही है। स्थिति को संभालने के लिए कई संवेदनशील पंपों पर बैरिकेडिंग की गई और पुलिस की निगरानी में लोगों को लाइन में लगाया गया। इसके बावजूद कुछ जगहों पर उपभोक्ताओं और कर्मचारियों के बीच झड़प की घटनाएं भी सामने आ रही हैं।
कई पेट्रोल पंप पर लोगों को सीमित मात्रा में 10 लीटर तक ही डीजल दिया जा रहा है। जबकि, शासन-प्रशासन पर्याप्त डीजल-पेट्रोल का स्टॉक उपलब्ध होने का दावा कर रहा है। लोगों से संयम बरतने और अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की जा रही है लेकिन फिर भी लोग परेशान हैं और लाइन में लगे हुए हैं।
अयोध्या के जिला पूर्ति अधिकारी ने स्वयं लोगों से अपील करते हुए कहा कि जनपद में पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। लोग अफवाहों पर ध्यान न दें।
