हिमाचल प्रदेश : हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के पश्चात मीडिया को सूचित किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हिमाचल दौरा जल्द ही प्रस्तावित है, जोकि प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण साबित होगा। 

दिल्ली दौरे से वापिस लौटने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने प्रदेश की वर्तमान राजनीतिक और आर्थिक परिस्थितियों को लेकर कांग्रेस सरकार पर तीखे हमले किए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के पश्चात मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के सम्मुख प्रदेश के गंभीर आर्थिक संकट का विस्तार से ब्यौरा रखा गया है और केंद्र से आवश्यक सहयोग करने के लिए आग्रह भी किया गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जल्द ही हिमाचल दौरा प्रस्तावित है, जो प्रदेश के लिए महत्वपूर्ण साबित हो सकता है। प्रधानमंत्री से प्रत्येक विषय पर लंबी और विस्तृत चर्चा हुई है जिसका परिणाम जल्द ही दिखाई देगा।

विधानसभा परिसर में जयराम ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार पर बोलते हुए कहा कि प्रदेश की बिगड़ती वित्तीय स्थिति के लिए पूरी तरह से सुक्खू सरकार की नीतियां जिम्मेदार हैं, जिसके कारण राज्य की अर्थव्यवस्था लगातार गर्त में जा रही है। साथ ही प्रदेश सरकार द्वारा केंद्र पर पैसा रोकने के लगाए गए आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए उन्होंने तंज कसा कि प्रधानमंत्री से मिलना सौभाग्य की बात है और यदि मुख्यमंत्री सुक्खू भी सही प्रकार से समय की मांग करें, तो उन्हें भी केंद्र सरकार के साथ संवाद करने का अवसर प्राप्त हो सकता है।

उन्होंने कांग्रेस नेताओं को नसीहत दी और कहा कि हमें अपने नेताओं से मिलने के लिए कांग्रेस के लोगों से परमिशन लेने की आवश्यकता नहीं हैं। हिमाचल प्रदेश में जब राहुल गांधी और प्रियंका गांधी आए तो उन्होंने किसी को अपने पास फटकने की इजाजत नहीं दी। पहले भी यह नेता सैलानी की तरह आते रहे लेकिन एक बार भी उन्होंने हिमाचल के कांग्रेस नेताओं को मिलने की इजाज़त प्रदान नहीं की। उन्होंने तंज कसा कि राहुल गांधी की विकृत सोच का प्रभाव हिमाचल कांग्रेस के नेताओं पर भी पड़ गया है। भाजपा और कांग्रेस की कार्यशैली में अंतर स्पष्ट करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं का स्वभाव कांग्रेस आलाकमान के नेताओं जैसा नहीं है, जो शिमला में आकर सिर्फ आराम करते हैं और आम जनता से दूरी बनाए रखते हैं।

जयराम ठाकुर ने प्रदेश में ड्रेस कोड लागू करने संबंधी सरकार के फैसलों पर भी सख्त रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि सरकार को पहले अपने नेताओं के आचरण और पहनावे की उचित समझ विकसित करने का प्रयास करना चाहिए। उनके नेता राहुल गांधी कैसे कपड़े पहनकर लोकसभा में आते हैं आप सबने देखा है। उन्हें संसद में टी-शर्ट पहन कर जाने के लिए अपने नेता राहुल गांधी को समझाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को सरकारी सुरक्षा में हिमाचल प्रदेश सरकार का मेहमान बनाकर उनकी खातिरदारी करते हैं।  मुख्यमंत्री कहते हैं कि जनता के लिए प्रदेश का ख़ज़ाना ख़ाली है लेकिन देशभर से आए कांग्रेस के नेताओं को स्टेट गेस्ट बनाकर महीनों खातिरदारी करके प्रदेश के करोड़ों रुपए उनपर लुटा देते हैं।

जयराम ठाकुर ने विशेष रूप से कांग्रेस के सह प्रभारियों के सरकारी खर्च पर लंबी अवधि तक शिमला में रुकने और हरियाणा के विधायकों की महंगी मेजबानी पर सवाल उठाते हुए कहा प्रदेश सरकार एक तरफ तो फिजूलखर्ची कम करने का ढिंढोरा पीट रही है, लेकिन दूसरी तरफ मात्र दो दिनों में विधायकों की खातिरदारी पर तीस लाख रुपए खर्च करने का मामला सामने आ रहा है, जिसका स्पष्टीकरण देना मुख्यमंत्री की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी खजाने का दुरुपयोग कर कांग्रेस के मेहमान मेहमाननवाजी का लुत्फ उठा रहे हैं, जबकि आम जनता बुनियादी सुविधाओं तक के लिए तरस रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *