उत्तराखंड : उत्तराखंड चारधाम यात्रा में केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुलने हैं, लेकिन उससे पहले बदले मौसम के मिजाज से यात्रा की तैयारियों में चुनौती आ रही है। 

केदारनाथ धाम वर्तमान समय में बर्फ की मोटी चादर से ढका हुआ है जिससे वह बेहद खूबसूरत नजार आ रहा है। लेकिन इसका विपरीत असर यात्रा से पहले की तैयारियों पर पड़ रहा है। रुद्रप्रयाग प्रशासन रास्तों को साफ़ करने और सेवाओं को सुचारू बनाने के लिए प्रयासरत है जिससे यात्रा प्रारंभ होने पर तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। केदारनाथ के साथ ही बदरीनाथ धाम में भी बर्फबारी हो रही है, जिससे यात्रा प्रबंधन से जुड़े कार्य कुछ हद तक प्रभावित हो रहे हैं।

केदारनाथ धाम की यात्रा 22 अप्रैल से प्रारंभ होगी जिसके लिए प्रशासन तैयारियों को अंतिम रूप दे रहा है। जिलाधिकारी के मुताबिक अब तक 4 लाख 73 हजार 170 श्रद्धालु केदारनाथ यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके हैं।

सोनप्रयाग में पंजीकरण केंद्र पूरी तरह तैयार है। स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सुलभ संस्था के 245 और नगर निकायों के 200 से अधिक पर्यावरण मित्र क्षेत्र में तैनात किए गए हैं। कूड़ा प्रबंधन, शौचालय और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आवास व्यवस्था के तहत करीब 50 प्रतिशत होटल बुक हो चुके हैं। हेली सेवाओं के लिए गुप्तकाशी और शेरसी से 2-2 तथा फाटा से 4 सेवाएं संचालित की जाएंगी।

सुगम सड़क यातायात को लेकर सिरोह बगड़ से गौरीकुंड तक मरम्मत कार्य तीव्र गति से किया जा रहा है। साथ ही स्वास्थ्य, आपदा प्रबंधन, पेयजल, बिजली और संचार व्यवस्थाओं को भी मजबूती प्रदान की गई है। इस वर्ष मंदिर परिसर क्षेत्र में वीडियो और रील बनाना पूर्ण रूप से प्रतिबंधित रहेगा। इस बार प्रशासन का लक्ष्य चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाना है।

यात्रा के लिए 3 सुपर जोन, 17 जोन और 47 सेक्टर बनाए गए हैं। मोबाइल पेट्रोलिंग, बैरिकेडिंग, शटल सेवा और पार्किंग की समुचित व्यवस्था की गई है ताकि जाम की समस्या से निजात पाई जा सके। सुरक्षा के मद्देनजर बाहरी लोगों का सत्यापन अभियान जारी है और अवैध गतिविधियों की कठोर निगरानी की जा रही है। अवैध शराब पर रोक लगाने के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है और साइबर ठगी से यात्रियों को बचाने के लिए 300 से अधिक फर्जी वेबसाइट और पेज बंद कराए जा चुके हैं।

केदारनाथ हेली सेवा के लिए टिकटों की बुकिंग 15 अप्रैल से प्रारंभ की जाएगी। किसी कारणवश शनिवार को इसकी शुरुआत नहीं हो पाई। युकाडा के दिशा-निर्देशानुसार आईआरसीटीसी ने केदारनाथ हेली शटल सेवा के टिकट बुकिंग की तैयारियां पूर्ण कर ली है। शनिवार को आईआरसीटीसी की अधिकारिक वेबसाइट बुकिंग के लिए खोली जानी थी लेकिन अब इसकी तिथि आगे सरक गई है।

युकाडा के सीईओ के अनुसार, सभी टिकटों की बुकिंग सिर्फ ऑनलाइन माध्यम से की जाएगी। पहले चरण में यात्रा के लिए हेली टिकट की बुकिंग 22 अप्रैल से 15 जून तक होगी। इसके पश्चात दूसरे चरण में आगे की यात्रा के लिए बुकिंग की जाएगी।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *