हिमाचल प्रदेश : हिमाचल प्रदेश में कीरतपुर-मनाली फोरलेन पर गोबिंद सागर झील के किनारे बसे धराड़ सानी क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए आधुनिक गेमिंग जोन विकसित किया जा रहा है। प्राकृतिक सुंदरता से परिपूर्ण इस स्थान को अब एक ऐसे मनोरंजन केंद्र के रूप में विकसित किए जाने की योजना है, जहां स्थानीय लोग व पर्यटक आनंद से समय व्यतीत कर सकें।

परियोजना के तहत इस क्षेत्र को पार्क की तर्ज पर विकसित किया जाएगा जहां बच्चों के लिए विभिन्न प्रकार के झूले और खेल उपकरण उपलब्ध होंगे। साथ ही यहां छोटे बच्चों, युवाओं सहित प्रत्येक वर्ग के लोगों के लिए मनोरंजन की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इसके अतिरिक्त यहां आधुनिक गेमिंग जोन तैयार किया जाएगा जिसमें बच्चे और युवा खेलों का आनंद ले सकेंगे। पर्यटकों के लिए सेल्फी प्वाइंट विकसित किए जा रहे हैं, जहां वे गोबिंद सागर झील के साथ फोटो ले सकेंगे।

खाने-पीने के शौकीन लोगों के लिए इसमें फूड जोन विकसित किया जाएगा, जिसमें स्थानीय व्यंजन और हल्के स्नैक्स उपलब्ध करवाने की रूपरेखा तैयार की जा रही है। परियोजना से जुड़े लोगों ने बताया कि उनका प्रमुख उद्देश्य बिलासपुर को पर्यटन के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाना है। उन्होंने कहा कि हम चाहते हैं कि यहां आने वाला प्रत्येक व्यक्ति एक सुखद अनुभव लेकर वापिस जाए। हमारा प्रयास इस जगह को एक ऐसा स्थान बनाने का है, जहां लोग परिवार के साथ आराम से समय बिता सकें और बच्चों को भी आनंद आए।

झूलों और उपकरणों की सप्लाई शुरू हो चुकी है और गाड़ियों से सामग्री पहुंच रही है। आगामी कुछ दिनों में कार्य और तेजी से आगे बढ़ेगा, जिससे जल्द ही इस स्थान को लोगों के लिए खोलने की दिशा में कार्य किया जा सके।

परियोजना के अंतर्गत पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रख कर पार्किंग की भी समुचित व्यवस्था की जा रही है, ताकि लोगों को असुविधा न होने पाए। पूरे क्षेत्र को साफ-सुथरा और व्यवस्थित रखने पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। विशेषज्ञों का मानना है कि इस तरह की पहल से न केवल क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी उपलब्ध होंगे।

छोटे व्यवसायों, फूड स्टॉल संचालकों और अन्य सेवा क्षेत्रों से जुड़े लोगों को इसका सीधा लाभ प्राप्त हो सकेगा। परियोजना निर्धारित कार्य योजना के अनुरूप पूर्ण होती है, तो आने वाले समय में धराड़ सानी क्षेत्र बिलासपुर का एक प्रमुख पर्यटन आकर्षण बनकर उभरेगा।यह परियोजना गोबिंद सागर झील के किनारे घूमने आने वाले पर्यटकों के लिए नया अनुभव प्रदान करेगी।

बता दें कि धराड़ सानी का यह क्षेत्र पहले से ही अपनी प्राकृतिक सुंदरता और झील के किनारे स्थित होने की वजह से लोगों को आकर्षित करता रहा है। अब गेमिंग जोन और अन्य सुविधाओं के जुड़ने से यह स्थान एक पूर्ण पर्यटन केंद्र के रूप में उभर कर सामने आ सकता है। ऐसा माना जा रहा है कि यहां की सुंदरता को देख कर पर्यटक यहां रुकने पर विवश हो जाएंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *