नई दिल्ली : राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नारी शक्ति वंदन विधेयक को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा है। उन्होंने विपक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि महिलाओं को संसद में उचित प्रतिनिधित्व देने के अवसर पर भी विपक्ष राजनीति और बिल को कमजोर करने की कोशिश कर रहा है।

नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने विपक्ष पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आजादी के 78 साल बाद भी देश की बेटियों को संसद तक पहुंचने का पूरा अधिकार नहीं मिल सका है। कांग्रेस पार्टी महिलाओं के अधिकारों की लड़ाई में उनका साथ देने के स्थान पर इसे टालने की राजनीति कर रही है।

रविवार को दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक को लेकर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों पर कई आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि देश की महिलाओं को संसद और विधानसभाओं में उचित प्रतिनिधित्व दिलाने के अवसर पर  विपक्ष ने फिर से राजनीति में महिलाओं के अधिकारों एवं भूमिका पर संशय की स्थिति उत्पन्न कर दी है।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल पिछले 30 वर्षों से लटका हुआ था। देश की महिलाओं को उम्मीद थी कि इस बार विपक्ष दलगत राजनीति से ऊपर उठकर साथ देगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। अलग-अलग बहाने बनाकर विधेयक को रोकने और कमजोर करने की कोशिश की गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष का इरादा इस बिल को पास कराने का नहीं था। परिसीमन की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए गए, जबकि यह पहले से तय और जरूरी प्रक्रिया है। वर्ष 2023 में पारित बिल में इससे जुड़ी सभी बातें स्पष्ट लिखी गई थीं, बावजूद इसके भ्रम की स्थिति पैदा की गई।

रेखा गुप्ता ने कहा कि अगर मौजूदा 543 सीटों पर इसे लागू करने की बात होती है तो सबसे बड़ा सवाल यह है कि कौन पुरुष प्रतिनिधि अपनी सीट छोड़ने को तैयार होगा। इसलिए इस मुद्दे पर राजनीति करना आसान है, समाधान देना कठिन है।

उन्होंने कहा कि देश की जनता सब देख रही है और समझ रही है कि कौन महिलाओं को आगे बढ़ाना चाहता है और कौन उन्हें रोकना चाहता है। विपक्ष नहीं चाहता कि महिलाएं देश के नेतृत्व में बड़ी भूमिका निभाएं। इन लोगों ने हमेशा विकास और बदलाव का विरोध किया है।

सीएम ने प्रधानमंत्री का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने विपक्ष को इस ऐतिहासिक कदम का श्रेय लेने तक का मौका दिया, लेकिन वे उसके लिए भी तत्पर नहीं हुए। रेखा गुप्ता ने कहा कि देश की बेटियां अब अपनी लड़ाई खुद लड़ेंगी और अपना अधिकार लेकर रहेंगी। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ दिल्ली भाजपा महिला मोर्चा की कई वरिष्ठ महिला नेत्रियां भी उपस्थित रहीं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *