उत्तर प्रदेश : उत्तर प्रदेश के मुखिया एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन में प्रदेशभर से आए हुए फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को तय समय सीमा में उनके यथासंभव समाधान के लिए निर्देशित किया। सीएम ने कहा कि लापरवाही नहीं चल पाएगी। इस अवसर पर सीएम ने बच्चों को चॉकलेट देकर उनका दुलार भी किया। इसके पश्चात मुख्यमंत्री पश्चिम बंगाल चुनाव प्रचार के लिए रवाना हो गए।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा चुनाव प्रचार के आखिरी दिन पश्चिम बंगाल रवाना होने से पूर्व जनसेवा का संकल्प पूरा किया। मुख्यमंत्री ने सोमवार सवेरे जनता दर्शन कार्यक्रम में प्रदेश भर से आए फरियादियों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को संवेदनशील होकर जनता की समस्याओं के निराकरण के लिए निर्देशित किया।

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन में आए सभी फरियादियों से मुलाकात की और बारी – बारी से उनकी समस्याएं सुनकर उनके प्रार्थना पत्र लिए। इसके बाद सीएम ने अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर समस्याओं का समाधान कराए जाने के लिए कहा। राजस्व व पुलिस से संबंधित शिकायतों पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि हीलाहवाली नहीं चल पाएगी। तय समयसीमा के अंदर ही समस्याओं का समाधान करके पीड़ित को सूचित किया जाना होगा।

जनता दर्शन में आए कुछ फरियादियों से मुख्यमंत्री ने प्रश्न किया कि क्या जनपद में किसी अधिकारी से मिलकर आपने उसे अपनी समस्या से अवगत कराया। जवाब नहीं में मिलने पर मुख्यमंत्री ने फरियादियों से कहा कि भीषण गर्मी में परेशान होने की आवश्यकता नहीं है। सर्वप्रथम अपने जनपद में तैनात अधिकारियों से अपनी समस्या बताएं। आपकी सुनवाई हर हाल में होगी और समस्या का यथोचित समाधान भी किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी से धूप और गर्मी में अपने स्वास्थ्य का ख्याल रखने की अपील की।

मुख्यमंत्री ने जनता दर्शन कार्यक्रम में अपने परिजनों के साथ आए बच्चों पर भी स्नेह लुटाया। सीएम ने उन्हें चॉकलेट के साथ – साथ अपना स्नेहिल आशीर्वाद भी दिया।

विदित हो कि पूर्व में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देशित किया है कि जमीन से जुड़े विवादों का निस्तारण विशेष टीम गठित करके किया जाए। जमीन का मालिकाना हक उसके वास्तविक स्वामी के पास ही रहना चाहिए। किसी व्यक्ति की जमीन पर यदि दबंगों ने कब्जा किया है तो जमीन को कब्जामुक्त कराने के साथ दोषियों को कानूनी सबक सिखाया जाए।

सीएम ने कहा कि किसी की जमीन पर अवैध कब्जा करने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। सरकार किसी के भी साथ अन्याय नहीं होने देगी और वह  प्रत्येक व्यक्ति के जीवन में खुशहाली लाने को संकल्पित है।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने बीते सप्ताह गुरुवार सुबह गोरखनाथ मंदिर में आयोजित जनता दर्शन में लोगों की समस्याएं सुनी थीं। मंदिर परिसर के महंत दिग्विजयनाथ स्मृति सभागार के बाहर कुर्सियों पर बैठे लोगों तक वह स्वयं पहुंचे और एक-एक करके सबकी समस्याएं सुनीं।

इस दौरान तकरीबन 200 लोगों से मुलाकात कर सीएम ने सबको आश्वस्त किया कि किसी के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। फरियादियों के प्रार्थना पत्रों को संबंधित अधिकारियों को संदर्भित करते हुए त्वरित और संतुष्टिपरक निस्तारण का निर्देश देने के साथ सीएम ने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार प्रत्येक पीड़ित की समस्या का समाधान कराने के लिए दृढ़ संकल्पित है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *