उत्तराखंड : उत्तराखंड में मई की शुरुआत से अभी तक बीच-बीच में बदलते मौसम ने गर्मी से राहत प्रदान की है। रुक-रुक कर हुई बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों की बर्फबारी का सीधा असर तापमान पर देखने को मिला। मैदानी इलाकों में इसका खासा असर नजर आया लेकिन शुक्रवार को मौसम खुला तो गर्मी ने अपने तेवर दिखाए।

हालांकि यदि आंकड़ों की बात की जाए तो राजधानी में दिन का अधिकतम तापमान 35 डिग्री के आसपास रहा जोकि सामान्य है। परंतु चटक धूप खिलने से दिन के समय तपिश का अहसास जरूर महसूस किया गया। लेकिन शाम होते-होते हवाएं चलने लगी तो रात का मौसम सुहावना हो गया।

उधर पर्वतीय इलाकों का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में शनिवार को हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है और 4500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का भी पूर्वानुमान है। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी सूचना के मुताबिक 16 मई को राजधानी देहरादून सहित उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, अल्मोड़ा, टिहरी और पिथौरागढ़ जिले के कुछ हिस्सों में बिजली चमकने और तेज रफ्तार से हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है।

यदि आने वाले दिनों की बात करें तो 17 मई तक पूरे प्रदेश में मौसम बदला रहने के आसार बन रहे हैं।

मौसम की आंखमिचौली के बीच जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में देर रात भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। प्राप्त जानकारी के अनुसार भूकंप का केंद्र जनपद मुख्यालय से उत्तर-पूर्व में चार किमी दूर जमीन के पांच किमी नीचे था। रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 2.4 मापी गई है।

पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में भी माैसम का उतार चढ़ाव निरंतर जारी है। बीते 13 और 14 मई को आई तेज आंधी और झोंकेदार हवाओं ने कई जिलों में काफी नुकसान पहुंचाया था। कई जगह पेड़ और बिजली के खंभे उखड़ गए, जिससे जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित रहा। वहीं दूसरी ओर बुंदेलखंड और दक्षिणी जिलों में भीषण गर्मी और तेज धूप ने लोगों की मौसम संबंधी परेशानियों में इजाफा कर दिया है।

मौसम विभाग ने शनिवार के लिए बुंदेलखंड के बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, हमीरपुर आदि सहित कई जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में गर्मी और तपिश का असर प्रदेश के मध्य हिस्सों तक तेजी से पहुंच जाएगा। शुक्रवार को बांदा 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सर्वाधिक गर्म शहर रहा। इसके अतिरिक्त उरई, झांसी, प्रयागराज तथा आगरा में भी तीखी गर्मी का असर देखने को मिल रहा है।

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार फिलहाल प्रदेश में कोई मौसम तंत्र सक्रिय नहीं है। मौसम शुष्क बना रहेगा और विकिरणीय ऊष्मन से अगले पांच दिनों में तापमान में 5 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है। प्रदेश के कुछ क्षेत्रों में 18 और 19 मई के लिए भीषण गर्मी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *