उत्तराखंड : उत्तराखंड में चार धाम यात्रा के लिए ऋषिकेश में ऑफलाइन पंजीकरण किए जा रहे हैं और ऐसे में वहां यात्रियों का भारी दबाव है। शनिवार को हुई धक्का मुक्की के पश्चात् रविवार को फिर दोबारा से पंजीकरण काउंटर पर बवाल हो गया।
चारधाम यात्रा में पिछले सप्ताह से बढ़ रही भीड़ के कारण दबाव बढ़ता जा रहा है। ऋषिकेश में ट्रांजिट कैंप में पंजीकरण के लिए यात्रियों की भारी भीड़ लगी है। आलम यह है कि हजारों यात्री सुबह – सवेरे से ही लाइन में लग रहे हैं। यात्रियों की भीड़ के दबाव से रविवार को फिर से धक्का मुक्की के हालात पैदा हो गए।
इस दौरान यात्रियों के दबाव के चलते रोडवेज टिकट काउंटर का शीशा टूट गया। महाराष्ट्र के यात्री ने जोर जबरदस्ती करते हुए काउंटर पर धक्का मारा जिससे शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। रोडवेज कर्मचारियों ने विरोध जताते हुए उक्त तीर्थयात्री को पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। समझौता होने के पश्चात आरोपी युवक ने रोडवेज की संपत्ति क्षतिग्रस्त होने के बदले 1000 रुपये का जुर्माना अदा कर दिया, जिसके बाद पुलिस ने उक्त यात्री को छोड़ दिया।
विदित हो कि भीड़ बढ़ने के फलस्वरूप प्रशासन की ओर से स्लॉट व्यवस्था शुरू कर दी गई है। शनिवार को भारी भीड़ की वजह से महज साढ़े चार घंटे में ही चारधाम का स्लॉट फुल हो गया था। उसके बाद यात्रा प्रशासन की ओर से तीर्थयात्रियों को काउंटर से हटने के लिए कहा गया लेकिन इसके बावजूद सैकड़ों यात्री शाम चार बजे तक काउंटर के आगे बैठे रहे। पंजीकरण रविवार सुबह छह बजे से होने की घोषणा के बाद तीर्थयात्री धर्मशालाओं और होटलों की ओर लौट गए।
तीर्थयात्रियों की भीड़ बढ़ने के कारण शुक्रवार से ही पंजीकरण की गति धीमी हो गई थी। काउंटर पर तीर्थयात्रियों की लंबी कतारें लग रही थी। ट्रांजिट कैंप में लाइन खत्म होने के स्थान पर और अधिक लंबी होती जा रही थी। तकरीबन साढ़े दस बजे यात्रा प्रशासन की ओर से स्लॉट खत्म होने की घोषणा की गई।
इस दौरान कुछ काउंटर बंद कर दिए गए जबकि कुछ काउंटर पर बद्रीनाथ और केदारनाथ के लिए पंजीकरण चलता रहा। जो भी तीर्थयात्री काउंटर पर आ रहा था उसे सिर्फ दो धाम के स्लॉट की ही जानकारी प्रदान की जा रही थी। चारधाम का पंजीकरण कराने वाले तीर्थयात्रियों को स्लॉट नहीं मिल पा रहा था। कई ऐसे तीर्थयात्री भी थे, जो सुबह छह बजे से काउंटर पर लाइन में लग गए थे, परंतु जब तक उनका नंबर आया तब तक काउंटर बंद हो गया।
इस बीच परिवहन मंत्री ने चारधाम यात्रा ट्रांजिट में यात्रा व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने यात्रा प्रशासन और नगर निगम के अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने व यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए चार काउंटर बढ़ाने के निर्देश जारी किए।
परिवहन मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए कई व्यवस्थाएं की जा रही हैं। इस वर्ष परिवहन विभाग की ओर से ग्रीन कार्ड व्यवस्था को अधिक सरल बनाया गया है। ग्रीन कार्ड बनाने वालों को विभाग की ओर से फर्स्ट एड किट भी प्रदान किया जा रहा है। इस बार पर्यटन विभाग ने प्लास्टिक की बोतलों के निस्तारण के लिए मशीन की व्यवस्था की हुई है।
परिवहन विभाग की ओर से एक एप भी लॉन्च किया जा रहा है। इस एप को 31 मई या एक जून को जारी कर दिया जाएगा। एप में एक टोल फ्री नंबर भी लॉन्च किया जाएगा। तीर्थयात्री और पर्यटक इस एप के माध्यम से अपनी शिकायत दर्ज कर सकेंगे। शिकायतों का तुरंत निस्तारण कर दिया जाएगा।
परिवहन मंत्री ने यात्रा प्रशासन को पंजीकरण से संबंधित डिस्प्ले बोर्ड लगाने, टोकन व्यवस्था और फ्लेक्स लगाने के भी निर्देश दिए। इस अवसर पर उप परिवहन आयुक्त, आरटीओ प्रशासन, आरटीओ प्रवर्तन सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।
