उत्तराखंड : शुक्रवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में राहुल गांधी छात्रों को संबोधित करेंगे। कांग्रेस के मुताबिक ढाई लाख लाख से अधिक छात्रों ने कार्यक्रम के लिए पंजीकरण कराया है। बड़ी संख्या में पंजीकरण को देखकर कांग्रेसी खासे उत्साहित नजर आ रहे हैं। कार्यक्रम स्थल पर संभावित भारी भीड़ को संभालने के लिए कांग्रेस की इंटरनल टीम जुटी हुई है।
छात्रों की गूंज कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कांग्रेस पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भले ही कार्यक्रम का आयोजन परेड ग्राउंड के स्थान पर बन्नू कॉलेज ग्राउंड में हो रहा है परंतु पार्टी के कार्यकर्ताओं में जोश की कोई कमी नजर नहीं आ रही है।
सूत्रों के मुताबिक दिल्ली से सुरक्षा प्रभारी के नेतृत्व में तक़रीबन 50 सुरक्षाकर्मियों की टीम देहरादून आई हुई है। इस टीम के पास राहुल गांधी की सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी है। बन्नू ग्राउंड के आस-पास के क्षेत्र का टीम ने दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया। कार्यक्रम स्थल की घोषणा होने के पश्चात सुरक्षाकर्मियों ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा कड़ी कर दी है।
छात्राें की गूंज कार्यक्रम के दौरान राहुल गांधी छात्रों को संबोधित करने के पश्चात उनके साथ संवाद भी करेंगे। इसके लिए पंडाल में एक तरफ स्टेज तैयार किया गया है जिस पर सिर्फ राहुल गांधी ही रहेंगे। ग्राउंड का आकार छोटा है और छात्रों की भीड़ ज्यादा रहने की संभावना बन रही है। इसको देखते हुए पंडाल में छात्राें के लिए स्टैंडिंग व्यवस्था भी की गई है।
कांग्रेस सेवादल को छात्रों की मदद के लिए तत्पर रहने के लिए कहा गया है। छात्रों को किसी प्रकार की कोई दिक्कत न होने पर और वह आसानी से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच जाएं, इसकी पूर्ण व्यवस्था की गई है। गर्मी को देखते हुए पीने के पानी की कमी न होने पाए, इसके लिए पर्याप्त मात्रा में पेयजल की व्यवस्था कराई गई है।
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष के मुताबिक राहुल गांधी के साथ संवाद करने के लिए लोगों और छात्रों में जिज्ञासा है। इसलिए 2.5 लाख से ज्यादा छात्रों ने कार्यक्रम के लिए अपना पंजीकरण कराया है। अब इनमें से कितने लोग पंडाल में पहुंचेंगे यह समय बताएगा। हालांकि इतना तय है कि पंडाल में पंजीकरण कराने वालों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। छात्रों को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए कार्यक्रम स्थल पर हेल्प डेस्क भी बनाई जाएगी और क्यूआर भी लगाए जाएंगे। पूर्व में पंजीकरण न करा पाने वाले छात्र भी कार्यक्रम स्थल पर भी अपना पंजीकरण करा सकेंगे।
राहुल गांधी के स्टेज के पास ही 150 वरिष्ठ नेताओं के बैठने की व्यवस्था की जा रही है। इस जगह पर केंद्र और प्रदेश स्तरीय वरिष्ठ नेता, विधायक, पूर्व विधायक सहित अन्य नेताओं की बैठने के लिए पास जारी किए जाएंगे। जिन्हें भी पास जारी किए जाएंगे केवल वही लोग वहां पर बैठ पाएंगे। बिना पास के यहां पर किसी नेता को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इससे पूर्व वीरवार को उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बन्नू स्कूल मैदान पहुंचकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित छात्रों की गूंज कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और तैयारियों की समीक्षा करते हुए आयोजन को सफल बनाने के लिए दिशा-निर्देश दिए। राहुल गांधी के सहयोगी मनोज त्यागी भी सुबह से मैदान ही तैयारियों का निरीक्षण करते हुए नजर आए।
