उत्तराखंड : सावन का महीना प्रारंभ होने के साथ ही धर्मनगरी हरिद्वार में वीरवार से कांवड़ मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया है। बड़ी संख्या में कांवड़िए गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं और जल लेकर अपने गंतव्यों की ओर बढ़ रहे हैं।

अनुमान के अनुसार इस वर्ष कांवड़ मेले में आने वाले कांवड़ियों का आंकड़ा 5 करोड़ तक पहुंच सकता है, इसलिए शासन – प्रशासन ने मेले की सुरक्षा कड़ी की हुई है। साथ ही कांवड़ मार्ग पर पेयजल और शौचालय की बेहतर व्यवस्थाएं की गई हैं। कांवड़ मेले के मद्देनजर हरिद्वार जिले के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ियों में 30 जुलाई से 11 अगस्त तक छुट्टियां घोषित की गई हैं। इस दौरान स्कूलों द्वारा ऑनलाइन माध्यम से पढ़ाई कराई जाएगी।

संपूर्ण कांवड़ मेला क्षेत्र को 18 सुपर जोन, 40 जाेन और 141 सेक्टरों में बांटकर अधिकारियों को तैनात किया गया है। सुरक्षा की दृष्टि से हजारों पुलिसकर्मियों की तैनाती के साथ ही 13 कंपनी पैरामिलेट्री फोर्स और पीएसी सुरक्षा की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। डॉग स्क्वॉयड और बीडीएस की टीमें लगातार चेकिंग में लगी हुई हैं।

मेले की शुरुआत में फिलहाल हरिद्वार में पैदल कावड़ियों का आवागमन हो रहा है, परंतु महाशिवरात्रि के नजदीक आते ही डाक कांवड़ की शुरुआत भी हो जाएगी। इसको ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा लाखों वाहनों के लिए कई अस्थाई पार्किंग बनाई गईं हैं। इसके साथ ही बृहद ट्रैफिक प्लान भी लागू किया गया है।

कांवड़ मेले की शुरुआत होते ही कांवड़ पटरी को सुचारू कर दिया गया है। कांवड़ मेले के पहले दिन बोल बम, हर हर महादेव और जय भोले के उद्घोष के साथ कांवड़िए हर की पैड़ी से गंगाजल भरकर अपने – अपने गंतव्यों की ओर रवाना हो रहे हैं।

कई कांवड़िए बड़ी – बड़ी कांवड़ लेकर हाईवे के किनारे से गुजरते नजर आ रहे हैं। कांवड़ यात्रा के प्रारंभ में पैदल कांवड़ियों के दल हरिद्वार पहुंच रहे हैं लेकिन महाशिवरात्रि पर्व के समीप आते ही डाक कांवड़ की शुरुआत भी हो जाएगी।

कांवड़ मेले को लेकर साधु – संतों में भी खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। साधु संतों ने सरकार द्वारा कांवड़ मेले के लिए की गई सुरक्षा एवं अन्य व्यवस्थाओं की सराहना की। जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर के अनुसार, साधु संत इस वर्ष व्यसन मुक्त कांवड़ मेले की उम्मीद कर रहे हैं।

एडीजी और आईजी ने पुलिस फोर्स से सतर्क रहने को कहा है। कांवड़ मेले में अक्सर कई बार छोटी-छोटी बातों के लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो जाती है और बहुत बार मामला मारपीट तक पहुंच जाता है। एडीजी लॉ एंड ऑर्डर के साथ ही आईजी ने ऐसे मामलों को लेकर सतर्कता बरतने को कहा है। चारधाम यात्रा के दौरान ही कांवड़ यात्रा का आयोजन पुलिस – प्रशासन के समक्ष एक चुनौती के समान है।

आईजी गढ़वाल ने समस्त पुलिस बल को मेले में असमाजिक तत्वों के प्रति अत्यंत सचेत रहने को कहा है। उन्होंने धार्मिक भावनाएं भड़काने वाली आशंकाओं, डीजे पर भड़काऊ गाने चलने जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने को कहा है। आईजी ने सोशल मीडिया से अचानक किसी छोटी घटना को बड़ा रूप दे देने जैसी घटनाओं पर बेहद सतर्क दृष्टि रखने को कहा। उन्होंने शांति व्यवस्था कायम रखने के लिए स्थानीय लोगों से समन्वय स्थापित करने को भी महत्वपूर्ण बताया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *