पंजाब/ मलेरकोटला
संवाददाता : अनिल सौदा
पंजाब के मलेरकोटला में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर सरकारी कर्मचारियों द्वारा मलेरकोटला में डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के समक्ष रोष प्रदर्शन किया गया। इस दौरान कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लंबे समय से लंबित डीए यानि महंगाई भत्ता जारी किए जाने की मांग की।
इस विरोध एवं रोष प्रदर्शन में विभिन्न सरकारी विभागों से संबंधित कर्मचारियों ने भाग लिया। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिसके चलते कर्मचारियों को अपने परिवार के रोजमर्रा के खर्च चलाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद सरकार द्वारा कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा।
कर्मचारी नेताओं ने कहा कि डीए सरकार की ओर से दी जाने वाली कोई खैरात नहीं, बल्कि कर्मचारियों का अधिकार है। उन्होंने कहा कि केंद्र और अन्य सरकारी संस्थानों में महंगाई भत्ते में समय-समय पर बढ़ोतरी की जाती रही है, लेकिन पंजाब के कर्मचारियों को अपने जायज हकों के लिए बार-बार संघर्ष करना पड़ रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने सरकार को चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों का जल्द समाधान नहीं किया गया तो संघर्ष को और तेज किया जाएगा। उन्होंने सरकार से कर्मचारियों के साथ बातचीत कर लंबित डीए सहित अन्य मांगों का स्थायी समाधान करने की मांग की।
इस अवसर पर कर्मचारियों में सरकार के प्रति भारी रोष देखने को मिला। कर्मचारियों ने सरकार से लंबित डीए जारी करने सहित कर्मचारियों से संबंधित अन्य मांगों को भी जल्द पूरा करने की अपील की।