उत्तराखंड : उत्तराखंड में इन दिनों दलेर मेहंदी विवाद सुर्खियों में बना हुआ है। इसे लेकर फिल्मी सितारे दलेर मेहंदी के समर्थन में आगे आ रहे हैं। अभिनेता अनुपम खेर, दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह, कपिल शर्मा, राजपाल यादव सहित कई फिल्मी हस्तियों ने दलेर मेहंदी का बचाव किया है।
इस मामले में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल भी अपनी ओर से सफाई पेश कर चुके हैं। अब दलेर मेहंदी विवाद पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बयान भी सामने आ गया है। राजधानी देहरादून में सीएम ने कहा कि उस समय शायद जनता का दबाव रहा होगा, शायद इसलिए ऐसा हुआ है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस प्रकरण में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने स्वयं आगे आकर कहा है कि उन्हें दलेर मेहंदी के स्वास्थ्य के विषय में जानकारी नहीं थी। उन्होंने कहा कि दलेर मेहंदी बड़े कलाकार हैं और उत्तराखंड की भूमि कलाकारों का सम्मान करने वाली धरती है।
सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा अब इस मामले में खुद सुबोध उनियाल बयान दे चुके हैं और अब ऐसे में इस मामले को और अधिक तूल देने की कोई आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा सब लोगों को अब इस मामले को यहीं छोड़ देना चाहिए। सीएम धामी ने कहा वे इस विषय में दलेर मेहंदी और मीका सिंह से भी बात करेंगे और दोनों ही कलाकारों से उनकी मित्रता है।
विदित हो कि दलेर मेहंदी विवाद उत्तराखंड के नरेंद्रनगर से प्रारंभ हुआ था। यह मामला नरेंद्रनगर के सिद्धपीठ कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले की सांस्कृतिक संध्या से जुड़ा है। यहां पॉप स्टार दलेर मेहंदी लाइव कंसर्ट कर रहे थे और इस दौरान उन्होंने बैकग्राउंड साउंड ट्रैक यानि डबिंग का सहारा लिया, जिसपर स्थानीय जनता भड़क गई। इसके पश्चात कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल स्वयं मंच पर पहुंच गए और उन्होंने सीधे दलेर मेहंदी के समक्ष काफी नाराजगी जताई।
उस मौके पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने गायक से कहा था कि नरेंद्रनगर की जनता यहां आपको लाइव सुनने आई है, न कि पीछे से बज रही डबिंग या किसी और की रिकॉर्डेड आवाज पर आपको केवल एक्टिंग करते देखने। यह इस ऐतिहासिक मेले के मंच और देवभूमि के दर्शकों की भावनाओं का अपमान है।
इस घटना के बाद इस मामले ने तूल पकड़ लिया। दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह ने इसे लेकर आवाज उठाई और उनके बाद बॉलीवुड के कई स्टार दलेर मेहंदी के समर्थन में आगे आ गए। देखते ही देखते इस मामले में कई फिल्मी हस्तियों के बयान आने लगे।
अब इस मामले में उत्तराखंड के सीएम धामी ने बयान दिया है। उन्होंने कहा वे इस मामले को लेकर स्वयं मीका सिंह और दलेर मेहंदी से वार्तालाप करेंगे। सीएम ने कहा उनकी दोनों ही कलाकारों से अच्छी दोस्ती है। साथ ही उन्होंने जनता से इस मामले को अब ज्यादा तूल न देने की अपील भी की है।
उत्तराखंड में नवरात्रि इवेंट के दौरान, अपनी परफॉर्मेंस को लेकर मशहूर गायक दलेर मेहंदी सुर्खियों में आ गए थे। इवेंट से गायक का वीडियो सामने आने के उपरांत कई सोशल मीडिया प्लेटफार्म ने उनकी आलोचना भी की है।
हालांकि, इस विवाद के बीच दलेर मेहंदी को मनोरंजन जगत से समर्थन मिल रहा है। उनके भाई और गायक मीका सिंह ने तुरंत एक वीडियो बयान जारी करते हुए दलेर मेहंदी का बचाव किया। उनके बयान के पश्चात गायक शान, हर्षदीप कौर, शान और अलीशा चिनॉय के साथ कपिल शर्मा, पलाश सेन और नील नितिन मुकेश ने भी उनके समर्थन में अपनी बात कही है।
हालांकि, जिस बयान ने लोगों का ध्यान ज्यादा आकर्षित किया वो थे कॉमेडियन कपिल शर्मा । उन्होंने अपने बयान के जरिए दलेर मेहंदी का समर्थन किया है और उनके स्वास्थ्य के बारे में बताया।
20 अक्टूबर को कपिल शर्मा ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर मीका सिंह का वीडियो बयान वाला पोस्ट अपलोड करते हुए इस दिग्गज गायक का बचाव किया था। उन्होंने अपने स्टोरी पोस्ट पर लिखा कि दलेर मेहंदी पाजी की एक गंभीर सर्जरी हुई थी, जिसके बारे में लोगों को पता नहीं है।
बता दें कि कपिल शर्मा से पहले मीका सिंह ने एक वीडियो बयान में अपने बड़े भाई का बचाव किया था। उन्होंने कहा था कि दलेर मेहंदी बीमार चल रहे हैं और एक बड़ी सर्जरी के बाद अभी भी रिकवर हो रहे हैं।
उन्होंने इस आरोप को भी सिरे से खारिज कर दिया कि उनके भाई ने शराब पी हुई थी। उन्होंने सोशल मीडिया पर दलेर मेहंदी को शराबी कहने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए चुनौती दी कि यदि कोई इस बात को साबित कर दे, कि दलेर मेहंदी ने कभी शराब पी, तो वे गाना छोड़ देंगे।