जम्मू कश्मीर : वर्ष 2026 की अमरनाथ यात्रा शुक्रवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच बालटाल और पहलगाम, दोनों मुख्य मार्गों से हर्षोल्लास के साथ प्रारंभ हुई। बालटाल मार्ग से सुबह रवाना हुए पहले जत्थे के कई श्रद्धालु बाबा बर्फानी के अलौकिक दर्शन कर लौट आए।
श्रद्धालुओं ने बताया कि इस वर्ष पवित्र गुफा में बाबा बर्फानी अपने पूर्ण आकार में विराजमान हैं। पहले दिन दर्शन करने वाले यात्रियों ने खुद को बहुत ही सौभाग्यशाली बताया। उन्होंने बताया कि उन्हें पहली आरती और प्रथम पूजा के दौरान बाबा बर्फानी के दिव्य स्वरूप के दर्शन करने का अवसर प्राप्त हुआ है। उन्होंने कहा कि यात्रा मार्ग पर मौसम ने थोड़ी परीक्षा जरूर ली लेकिन भोलेनाथ की भक्ति के सम्मुख सारी मुश्किलें सरल बन गईं।
शनिवार सुबह जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास बेस कैंप से श्रद्धालुओं का तीसरा जत्था कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रवाना हुआ। वहीं, पहलगाम के नुनवान बेस कैंप से श्रद्धालुओं के दूसरे जत्थे ने दक्षिण कश्मीर हिमालय स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा के लिए अपनी पैदल यात्रा प्रारंभ की।
यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षित और निर्बाध आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने सुरक्षा इंतजामों की सराहना करते हुए कहा कि व्यापक सुरक्षा प्रबंधों से उन्हें यात्रा के दौरान आत्मविश्वास और सुरक्षा का एहसास हो रहा है।
ऊंचाई पर स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से पार पाने और यात्रा के दौरान आपातकालीन स्थितियों से निपटने के लिए, उधमपुर स्वास्थ्य विभाग की ओर सेवजम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे यानि एनएच 44 पर एक मजबूत मेडिकल सिस्टम तैयार किया है, जो खास तौर पर टिकरी काली माता मंदिर से चेनानी-नाशरी टनल तक के हिस्से को कवर करता है।
बाबा के दर्शन कर वापिस आए अधिकांश श्रद्धालुओं ने इस वर्ष अमरनाथ श्राइन बोर्ड की ओर से किए गए प्रबंधों की दिल खोलकर सराहना की। उनका कहना है कि बोर्ड हर वर्ष यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए व्यवस्थाओं में लगातार सुधार कर रहा है। कड़े सुरक्षा इंतजामों और बेहतर सुविधाओं से श्रद्धालुओं ने संतोष जताते हुए प्रशासन और श्राइन बोर्ड के प्रयासों को भी सराहा।
इससे पहले अमरनाथ यात्रा-2026 के तहत नुनवान बेस कैंप, पहलगाम से श्रद्धालुओं के पहले जत्थे को उपायुक्त और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसएसपी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने यात्रियों को शुभकामनाएं दीं और उनके सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की।
अधिकारियों के अनुसार, यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, इसके लिए सभी आवश्यक इंतजाम सुनिश्चित किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था, स्वास्थ्य सेवाओं, आपातकालीन सहायता और यातायात प्रबंधन पर विशेष फोकस किया जा रहा है।
प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों और एडवाइजरी का पालन करें तथा किसी भी आपात स्थिति में प्रशासन और पुलिस से आवश्यक सहायता प्राप्त करें। अधिकारियों ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शुमार है।
