नई दिल्ली : भारत के वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिनों के रिकॉर्ड को पार करते हुए 4,399वें दिन तक देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बने रहने का रिकॉर्ड कायम किया। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर भाजपा नेताओं ने विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना कर पीएम की दीर्घायु और सफलता की कामना की।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को खास कीर्तिमान दर्ज किए जाने के उपरांत बधाई देते हुए पत्र भी लिखा। भारत में लगातार सबसे लंबे समय तक प्रधानमंत्री बने रहने का जिक्र करते हुए राष्ट्रपति ने पत्र में लिखा कि यह उपलब्धि उस भरोसे को पुष्ट करती है जो भारत की जनता ने लगातार चुनावों में आपके नेतृत्व पर जताया है।

नरेंद्र मोदी अब भारत के सबसे लंबे समय तक पद पर बने रहने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए हैं। उन्होंने भारत के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के 4,398 दिन के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया है। बुधवार को मोदी के प्रधानमंत्री पद पर निरंतर बने रहने का 4,399वां दिन है। इस अवसर पर दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष सहित कई नेता मंदिरों में पहुंचे और पूजा अर्चना की।

इस अवसर पर भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के साथ दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा भी उपस्थित रहे। सांसद बांसुरी स्वराज और भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया सह प्रमुख संजय मयूख भी पूजा में सम्मिलित हुए।

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं सफलता के लिए प्रार्थना की।

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने किशनगंज स्थित पिंजरापोल गौशाला में गौसेवा की। उन्होंने परिसर स्थित मंदिर में पूजा-अर्चना कर सुंदरकांड का पाठ भी किया। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर किया गया।

इस दौरान पीएम मोदी के कुशल नेतृत्व, विश्वास, विकास और जनकल्याणजारी कार्यों की सराहना की गई। सीएम ने देश के सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री मोदी के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की। उनकी सेवा, समर्पण और कार्य संस्कृति ने देश में व्यापक बदलाव का नया अध्याय लिखा है।

सभी नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दीर्घायु के लिए प्रार्थना की। उन्होंने उनके भविष्य में भी लंबे और सफल नेतृत्व काल की कामना की। समस्त भाजपा नेताओं ने देश के विकास में पीएम के योगदान को सराहा तथा मंदिरों में यह पूजा प्रधानमंत्री द्वारा बनाए गए नए रिकॉर्ड का सम्मान करने के लिए की गई।

वर्तमान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को पहली बार प्रधानमंत्री पद की शपथ ली थी। इसके बाद वे 2019 और 2024 में भी प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में आए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार तीन लोकसभा चुनावों में जीत हासिल करने वाले भारत के प्रभावशाली जननेताओं में से एक हैं।

पीएम ने देश की राजनीति में एक नया अध्याय जोड़ा है। यह उपलब्धि उनके मजबूत जनाधार और कुशल नेतृत्व का ही नतीजा है। बता दें कि जवाहरलाल नेहरू 13 मई 1952 से 27 मई 1964 तक निरंतर प्रधानमंत्री के पद पर रहे थे।

उत्तराखंड में भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व के 12 वर्ष पूरे होने पर बदरीनाथ धाम और नरसिंह मंदिर में महा-अभिषेक व पूजा-अर्चना कराई गई। पीएम मोदी के उत्तम स्वास्थ्य के संकल्प के साथ कई अनुष्ठान संपन्न हुए। मुख्य धर्माधिकारी सहित वेदपाठियों ने वैदिक मंत्रोच्चार किया और तीर्थ पुरोहितों की मौजूदगी में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए।

प्रदेश भाजपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सृजित सर्वाधिक लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के गौरवशाली इतिहास को भारत के लिए स्वर्णिम दौर का आगाज बताया है। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष व राज्यसभा सांसद ने कहा कि उनके ऐतिहासिक नेतृत्व के ये 12 वर्ष, देश की तरह उत्तराखंड के भी विकास और रूपांतरण को समर्पित रहे हैं।

प्रधानमंत्री मोदी के विशेष लगाव और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण ही उत्तराखंड, आज देश के अग्रणी और आत्मनिर्भर राज्यों की कतार में अग्रिम स्थान पर खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी लोकतांत्रिक इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री बन कर इतिहास रचने जा रहे हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *