पंजाब : पंजाब की संगरूर पुलिस ने धूरी में हुए एक सनसनीखेज डबल मर्डर मामले में महज 24 घंटे के भीतर बड़ी सफलता हासिल करते हुए छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की हैं। पुलिस का कहना है कि यह हत्या पुरानी रंजिश का नतीजा थी और मामले में आगे भी कई अहम खुलासे होने की संभावना है।

संगरूर की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने प्रेस वार्ता के दौरान घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 7 जुलाई 2026 को धूरी के कक्कड़वाल रोड स्थित एक नाई की दुकान के पास दो पक्षों के बीच खूनी झड़प हो गई थी। झड़प के दौरान तेजधार हथियारों से किए गए हमले में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई थी। सरे बाजार हुई इस वारदात से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी।

संगरूर की एसएसपी डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने की प्रेस वार्ता

घटना की गंभीरता को देखते हुए सीआईए संगरूर और थाना सिटी धूरी की विशेष टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने तकनीकी और वैज्ञानिक जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए मात्र 24 घंटे के भीतर घटना में शामिल फिल्लू, सावन, प्रिंस, करण रटोल, नीरज उर्फ सैंडी और पवन को गिरफ्तार कर लिया। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिलें भी बरामद कर ली गई हैं।

पुलिस जांच में सामने आया है कि पूर्व में 14 जून 2026 को दोनों पक्षों के बीच हुए विवाद की पुरानी रंजिश के चलते इस दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया गया था।

एसएसपी डॉ. रवजोत ग्रेवाल ने बताया कि सभी आरोपियों को पुलिस रिमांड पर लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। जांच के दौरान मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है। उन्होंने बताया कि आने वाले दिनों में इस केस में कई और महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *